आगरालीक्स…दो दूल्हों की कारें आपस में टकराईं. दोनों हुए घायल. एक के बंधी पट्टी तो दूसरे ने लंगड़ाते हुए लिए फेरे…
मथुरा में दो अलग—अलग शादियों में एक कनेक्शन ऐसा जुड़ा कि दोनों शादियां जिले में चर्चा में बनी हुई हैं. दोनों शादियों का आपस में कोई लेना—देना भी नहीं था लेकिन एक्सीडेंट से दोनों आपस में जुड़ गईं. वृंदावन रोड पर गांव डांगोली के पास दो दूल्हों की कार आपस में टकरा गईं जिसमें दोनों दूल्हे सहित 9 लोग घायल हो गए. दोनों उपचार कराकर शादी करने के लिए पहुंचे. एक के जहां पट्टी बंधी हुई थी तो वहीं दूसरे ने लंगड़ाते हुए फेरे लिए.

ये है मामला
कस्बा सुरीर के गांव भदरवारा में रहने वाले आर्यन की शुक्रवार की रात को अपने बहन—बहनोई के साथ कार से फेरे की रस्म के लिए ससुराल खंदौली जा रहा था. कार को सुरीर निवासी फिरोज चला रहा था. गांव डांगोली के पास पीछे से आ रही एक कार ने पहले टेंपों में और फिर बाद में आर्यन की कार में टक्कर मार दी. इससे दोनों ही कारें टकराकर पलट गईं. दूसरी कार में सुरीर के गांव जरारा का रहने वाला कृष्णा तोमर था. उसकी शुक्रवार को शादी थी, वह ससुराल नरहोली जा रहा था.
टक्कर में दोनों गाड़ियों में सवार कुल नौ लोग घायल हो गए. पुलिस ने बताया देर रात घायल कृष्णा को परिजन शादी के लिए घायल अवस्था में नरहोली ले गए. शादी की औपचारिकता चंद समय में पूरी कर लौट आए. थाना मांट के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है.