आगरालीक्स…आगरा में बदले मौसम का कहर, आकाशीय बिजली गिरने से दो की मौत.
आगरा में मंगलवार को बदले मौसम का कहर दिखाई दिया है. एक ओर जहां बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया है तो वहीं आफत की बारिश भी हुई है. आगरा में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक और एक महिला की मौत हो गई है.
आगरा में मंगलवार को मौसम अचानक बदल गया. तेज हवाओं के साथ आसमान में घने काले बादल छाए और बूंदाबांदी भी हुई. इस बारिश में आगरा के थाना डौकी के गांव कौलारी में आकाशीय बिजली गिरी. इसके चपेट में खेत में बाजरा काट रहा एक युवक आ गया जिससे उसकी मौत हो गई. इससे परिवार में कोहराम मच गया.
वहीं जगनरे ब्लॉक के बसई जगनरे थाना क्षेत्र के गांव शाहगंज में भी आकाशीय बिजली गिरी. इसमें राजेश पत्नी देवेंद्र की मौत हो गई है. दूसरी जगह खेत में काम कर रहे धीरेंद्र व भोलू भी गंभीर रूप से झुलसे हैं. इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.