आगरालीक्स…आगरा में ज्वैलर्स की दुकान से 8 अंगूठियां उठाकर भाग गये दो युवक. अचानक हुई इस घटना से सन्न रह गया दुकानदार. पुलिस कर रही तलाश
आगरा में एक ज्वैलर्स की दुकान से दो युवक आठ अंगूठियां लेकर फरार हो गए. दिनदहाड़े हुई इस घटना से हर कोई सन्न रह गया. दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है.
ये है मामला
थाना जगदीशपुरा के कलवारी में सतेंद्र कुमार सोनी रहते हैं. इनकी सिरौली मार्ग पर धनौली में जवैलरी की दुकान है. आज दोपहर करीब एक बजे सतेंद्र अपनी दुकान पर ही बैठे थे कि तभी दो युवक आए. एक दुकान के बाद एक्टिवा पर सवार था और दूसरा युवक दुकान के अंदर आ गया. दुकान के अंदर घुसे युवक ने सतेंद्र से सोने की अंगूठी मांगी. इस पर सतेंद्र ने अलमारी से सोने की 7—8 अंगूठी निकालकर उसके सामने रख दी. इसके बाद युवक ने चांदी की एक पायल और दिखाने के लिए बोला. इस पर सतेंद्र पायल निकालने लगे लकिन तभी युवक सभी अंगूठियों को लेकर दुकान से बाहर निकल गया.
इससे पहले कि सतेंद्र कुछ समझते स्टार्ट एक्टिवा पर सवार युवक के पीछे जाकर यह युवक बैठ गया और दोनों तेजी से वहां से निकल गए. पीड़ित ने शोर मचा दिया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. सीसीटीवी में एक बदमाश कैद हो गया है. पुलिस इसके आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है.