आगरालीक्स …Agra News : अब ताजमहल पर बंदरों को भगाने के लिए अल्ट्रासोनिक साउंड का इस्तेमाल होगा, तेज आवाज करने से बंदर भाग जाते हैं इसी तरह मशीन से बंदर भागेंगे। ( Agra News : Ultrasonic Monkey Repeller on Barriers to get rid of Monkey Menace in Taj Mahal)
आगरा के ताजमहल परिसर और उसके बाहर बंदरों का आतंक हैं। बंदर पर्यटकों पर हमला कर रहे हैं। नगर निगम भी बंदरों से ताजमहल परिसर को मुक्त कराने में नाकाम रहा है। ऐसे में अब ताजमहल के बैरियर पर अल्ट्रासेनिक मंकी रिपेलर मशीन लगाने का निर्णय लिया गया है।
प्रति सेकंड 60 बार बदलेंगी ध्वनि तरंग, 3500 वर्ग फीट क्षेत्र में फैलेंगी
अल्ट्रासोनिक रिपेलर मशीन बंदर के साथ ही जंगली जानवरों को भगाने के काम आती हैं। इस मशीन से अल्ट्रासोनिक ध्वनि तरंगे निकलती हैं, ये 3500 वर्ग फीट क्षेत्र तक फैलती हैं। एक सेकंड में 60 बार ध्वनि तरंगों की आवृत्ति बदलती है। बंदरों को भगाने के लिए 10 से 25 किलोहर्ट्ज तक की आवृत्ति का इस्तेमाल किया जाता है। यह लगातार बदलती रहती हैं इसलिए बंदरों को लगता है कि इस क्षेत्र में जाना ठीक नहीं है, यहां लोग सतर्क हैं और उन्हें पकड़ सकते हैं। कुछ दिन बाद ही जिस जगह इस मशीन को लगाया जाता है वहां बंदर आना बंद कर देते हैं। यह अल्ट्रासोनिक ध्वनि तरंगें इंसानों को सुनाई नहीं देती हैं।
पहले एक बैरियर पर लगाई जाएगी मशीन
ताजमहल के बाहर 11 पुलिस बैरियर हैं, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पहले एक बैरियर पर मशीन लगाई जाएगी। प्रयोग सफल रहने पर अन्य बैरियर पर भी मशीन लगाई जाएगी।