आगरालीक्स…अनूठी पहल, आगरा में रक्तदान करने वालों को मिलेगा ब्रांडेड हेलमेट, जानिए किस दिन लगेगा ब्लड डोनेशन कैम्प…आपको यह पहल कैसी लगी
आगरा व्यापार मंडल इस बार रक्तदान को सुरक्षा के प्रतीक से जोड़ रहा है। मंडल द्वारा आयोजित तृतीय विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियाँ जोरों पर हैं, जिसमें भाग लेने वाले प्रत्येक रक्तदाता को ब्रांडेड हेलमेट भेंट किया जाएगा, यह न सिर्फ उनके जीवनदायी योगदान का सम्मान होगा, बल्कि यातायात सुरक्षा को बढ़ावा देने का सशक्त संदेश भी देगा। इस पुनीत प्रयास को और सशक्त बनाने के लिए आगरा क्लॉथ मर्केंटाइल एसोसिएशन ने आगे आकर पूर्ण सहयोग देने का वचन दिया है।गुरुवार को मुखर्जी मार्केट, सुभाष बाजार स्थित एक्मा के कार्यालय बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान जीवनदान है। यह केवल मानवता की सेवा नहीं, अपितु सामाजिक जागरूकता और उत्तरदायित्व का प्रतीक भी है। प्रत्येक रक्तदाता को हेलमेट देकर हम उनके प्रयास का अभिनंदन करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि विगत वर्ष की तरह इस बार भी शहर के विभिन्न संगठनों और व्यापारिक मंडलों का सहयोग अपेक्षित है, जिससे यह शिविर और भी प्रभावी व सफल हो सके। बैठक में उपस्थित आगरा क्लॉथ मर्केंटाइल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आयोजन में भागीदारी की सहमति दी और शिविर के प्रचार-प्रसार व अधिकाधिक सहभागिता हेतु हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।