आगरालीक्स…‘परफ्यूम लगावे चुन्नी में’ गाने ने कराया शादी में बवाल. वीडियो में देखें कैसे दूल्हे को उठाकर भागे बाराती और पीछे दौड़े घराती…
आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र में एक शादी समारोह में घरातियों और बारातियों के बीच बवाल हो गया. बवाल डीजे पर चल रहे गाने को लेकर हुआ जिसके बाद दोनों ओर से लात घूंसे चलने लगे. जब दूल्हा वहां पहुंचा तो बारातियों ने दुल्हे को बचाने के लिए उसे गोद में उठा लिया और वहां से अलग ले गए. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुलिस की मौजूदगी में ही यह शादी संपन्न हुई.

सीओडी कॉलोनी के एक मैरिज होम का मामला
गुरुवार को थाना शाहगंज के सीओडी कॉलोनी स्थित एक मैरिज होम में शादी थी. दुल्हन का परिवार शाहगंज का रहने वाला है तो वहीं दूल्हा जगदीशपुरा का रहने वाला है. बताया जाता है कि यहां चल रहे डीजे पर दोनों पक्ष के लोग डांस कर रहे थे. इसी बीच ‘परफ्यूम लगावे चुन्नी में’ गाने की ऐसी डिमांड उठी जिस पर दोनों पक्ष के लोगों में विवाद हो गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष में मारपीट शुरू हो गई.
इसी बीच झगड़ा होते देख दूल्हा भी वहां आ गया ये देखते ही बारातियों ने तुरंत ही दूल्हे को वहां से अलग किया और उसे गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान की ओर लेकर दौड़े. मामला इतना बढ़ गया कि जो लोग दावत खा रहे थे वह भी वहां से भागने लगे. घटना का वीडियो भी बन गया जो कि अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इधर सूचना पर पुलिस पहुंच गई. दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया और पुलिस की मौजूदगी में शांत तरीके से शादी समारोह हुआ.