आगरालीक्स…आगरा में 121 श्री नर्मदेश्वर शिवलिंगों का वैदिक पूजन और महाअभिषेक. द्वितीय महा रुद्राभिषेक महोत्सव में शिवमहिमा से गूंजा अग्रसेन भवन…
सावन का पहला सोमवार और शिवभक्ति की सरिता में डूबा आगरा। लोहमंडी स्थित अग्रसेन भवन में जब "हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंजा, तो मानो कैलाश स्वयं अवतरित हो गया। श्री गिरिराज जी सेवा मंडल द्वारा आयोजित द्वितीय महा रुद्राभिषेक महोत्सव में शिवलिंगों का पूजन और अभिषेक वैदिक मंत्रों के साथ सम्पन्न हुआ, जिसने हर श्रद्धालु को शिवत्व की अनुभूति से भर दिया। द्वितीय महा रुद्राभिषेक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और वैदिक अनुष्ठानों के साथ दिव्यता में सम्पन्न हुआ। पूरे परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे और शिवभक्तों का उत्साह भाव-विभोर कर देने वाला रहा।
आचार्य पंडित विष्णु कांत शास्त्री के मार्गदर्शन में हुए आयोजन में 121 श्री नर्मदेश्वर शिवलिंगों का विधिपूर्वक पूजन, अर्चन और रुद्राभिषेक किया गया। लगभग 5 घंटे तक चले इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव का जल, दुग्ध, दही, घी, शहद, गंगाजल, नारियल पानी, गन्ने, अनार का रस और तीर्थ जलों से अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया। विशेष बात यह रही कि नर्मदा नदी से लाए गए पवित्र शिवलिंगों के रुद्राभिषेक में कैलाश मानसरोवर, शिप्रा, ब्रह्मकुंड, सरयू, गोदावरी, यमुना सहित द्वादश पवित्र तीर्थों के जल का प्रयोग किया गया, जिसने अनुष्ठान को और भी दिव्य बना दिया।
संस्थापक नितेश अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन शिवभक्ति के माध्यम से सनातन परंपरा के प्रचार-प्रसार का माध्यम है। अध्यक्ष अजय कुमार सिंघल ने श्रद्धालुओं को रुद्राभिषेक में भाग लेकर शिवकृपा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। मयंक अग्रवाल ने बताया कि आयोजन स्थल पर ही पूजन सामग्री श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई गई थी, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। विजय अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम के उपरांत सभी उपस्थितजनों के लिए फलाहार प्रसादी की सुंदर व्यवस्था की गई ।
आयोजन में शिवभाव, अनुशासन और सेवा भावना का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया और मनोकामना पूर्ति की कामना के साथ भावपूर्ण आह्वान किया कि हे भोलेनाथ, हमारे जीवन में भी आपकी कृपा का अमृत बरसे। इस अवसर पर महंत कपिल नागर, नितेश अग्रवाल, विजय अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, अमित पाराशर, आशीष गोयल, सुनील सिंघल, सुमित सिंघल, किशन कुमार गर्ग, नरेंद्र गर्ग, विशाल बंसल, विष्णु बंसल आदि उपस्थित रहे।