आगरालीक्स ….आगरा में 2.75 करोड़ से छह महीने पहले बनी रोड़ को खोद डाला। रोड़ पर कुदाल चली तो लोग गुस्से से तमतमा गए, बोले क्या मजाक है, आंखों के सामने टैक्स का पैसा बर्बाद हो रहा है।
नगर निगम द्वारा आगरा में मदिया कटरा से भावना टॉवर तक सड़क बनाई गई, बीच बीच में आरसीसी ( रॉलर काम्पैक्टेड कंकरेट) की रोड़ बनी। जिससे कई साल तक सड़क खराब न हो। नगर निगम ने मदिया कटरा से भावना टॉवर तक रोड़ बनाने में 2.75 करोड़ रुपये खर्च किए। रोड़ भी अच्छी बनी, तेज स्पीड से वाहन दौड़ने लगे। मगर, अब रोड़ को खोदा जा रहा है।
छह महीने बाद ही रोड़ की खुदाई, कोई बोलने वाला नहीं
शुक्रवार को मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के पास आरसीसी से बने रोड़ को खोदने का काम शुरू हो गया, सीवर लाइन का काम देख रही प्राइवेट कंपनी बवाग द्वारा रोड़ खोदा जा रहा है। कुछ ही देर में आरसीसी के रोड़ को बीच में से ही खोद दिया गया। मशीन से कुदाल चली, कुदाल की आवाज सुन आस पास के लोग भी पहुंच गए। राहगीरों ने भी वाहन रोक दिए।
सीवर लाइन डालने के लिए खोद रहे सड़क
स्थानीय लोगों ने रोड़ पर कुदाल चला रहे कर्मचारियों से पूछा, उन्होंने जवाब दिया कि बवाग कंपनी द्वारा सीवर लाइन डालने का काम किया जाना है। इसके लिए रोड़ को खोदा जा रहा है।