आगरालीक्स…आगरा की जेल में बंद कैदियों के लिए लगाए गए वॉटर कूलर और पंखे. अपराध से दूर करने की कोशिश में कैदियों को कराया जा रहा यह काम
लायंस क्लब आगरा प्रयास ने अपनी इस माह की सामाजिक गतिविधि आगरा के केंद्रीय कारागार में आयोजित की। कैदियों के लिए सीलिंग फैन और वाटर कूलर प्रदान किए। वरिष्ठ जेल अधीक्षक आरके मिश्र ने कहा कि जेल में कैदियों का जीवन सुधारने के साथ ही उन्हें रोजगार के लिए हुनरमंद बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अपराध से दूर रखते हुए उनकी कला को निखारने के लिए वे कई वस्तुएं बनाना सीख रहे हैं। अब इन वस्तुओं को बाजारों तक पहुंचने की आवश्यकता है। इस विषय को मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा कीं प्रदेश उपाध्यक्ष बबिता चौहान ने गंभीरता से लेते हुए राजनैतिक और सामाजिक स्तर पर प्रयास करने की बात कही। उन्होंने सुझाव दिया कि शुरूआत में छोटे-छोटे कदम उठाए जाएं और फिर उन्हें एक बडे़ बाजार में बदलने की कोशिश की जाए।

चार्टर्ड सचिव विनीत खेड़ा ने कहा कि अपराधियों का सुधार करना और विभिन्न व्यवसायों में अपराधियों का पुनर्वास करके अपराध मुक्त समाज सुनिश्चित करना है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हम सभी को एक साथ आना होगा।
क्लब कीं सचिव पद्मिनी सुराना ने कहा कि कई कैदियों को मिलने के लिए उनका कोई परिजन नहीं आने और उन्हें दैनिक उपयोग की वस्तुओं की जरूरत के बारे में पता लगा। लायंस क्लब जेल प्रशासन के साथ मिलकर निश्चित रूप से इस दिशा में कोई योजना तैयार करेगा। कोषाध्यक्ष अल्पना कोचर ने कहा कि हमारी कानून व्यवस्था प्रतिशोधात्मक न होकर सुधारात्मक प्रवृत्ति की है। इसमें बंदियों को सुधार करने के लिए प्रयास किए जाते हैं। डिप्टी जेलर आलोक सिंह ने कहा कि कैदियों को सुविधाएं उपलब्ध कराकर संस्था ने सच्ची समाजसेवा की मिसाल कायम की है।
क्लब के पदाधिकारियों ईरा खेड़ा, संजीव सुराना, संजीव कोचर, डाॅ. परिणीता बंसल आदि को जेल अधिकारियों से जेल के नियम, जेल में बंदियों के अधिकार, बंदियों के हितों के लिए चलाई जा रहीं योजनाओं आदि जानकारियां भी प्राप्त हुईं।