आगरालीक्स…… आगरा में पानी न आने पर फूटा आक्रोश, रस्सी बांधकर और खाली बर्तन के साथ महिलाओं ने लोहामंडी बोदला मार्ग बंद कर दिया है। वाहनों को निकलने नहीं दिया जा रहा है।
आगरा में गंगाजल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, इससे कई क्षेत्रों में पानी न आने से लोगों का सब्र टूटने लगा है। लोहामंडी क्षेत्र की कई कॉलोनियों में पानी की आपूर्ति न होने पर स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। महिलाएं खाली बर्तन और रस्सी लेकर सड़क पर आ गईं।

लोहामंड़ी बोदला मार्ग किया बंद
महिलाओं ने खाली बर्तन रोड पर रख दिए, रस्सी बांधकर लोहामंड़ी बोदला मार्ग को बंद कर दिया। इससे ट्रैफिक रुक गया, वाहन चालकों को परेशानी होने लगी। दोनों तरफ जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस फोर्स ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन महिलाएं पानी न आने तक मार्ग खोलने के लिए तैयार नहीं हुई। उन्हें समझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
टैंकर से भी नहीं हो रही पानी की सप्लाई
पानी की आपूर्ति प्रभावित होने पर जल संस्थान द्वारा टैंकर से पानी की आपूर्ति की जानी चाहिए। मगर, टैंकर से भी पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। इससे भी लोग परेशान हैं।