आगरालीक्स…मथुरा से बटेश्वर तक यमुना में बनेगा जलमार्ग. ताज महोत्सव के शुभारंभ पर बोले पर्यटन मंत्री, ये भी कहा, ब्रज में होगा जमकर विकास
मथुरा से बटेश्वर तक जलमार्ग की व्यवस्था होगी. ताज महोत्सव की तरह हर जिले का एक महोत्सव हो, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे. राम मंदिर बन गया है, काशी में नंदी ने सींग भी हिला दिया है तो कृष्ण कहां मानने वाले हैं, ब्रज में जमकर विकास होगा. यह कहना है पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का. उन्होंने आज ताज महोत्सव 2024 का फीता काट कर शुभारंभ किया. इसके बाद ताज महोत्सव क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा विभिन्न स्टॉल पर जाकर शिल्पियों से बात की।
मंत्री ने मुख्य मंच पर पहुंचकर मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी, जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि 32 साल से तमाम उतार चढ़ाव के बीच भव्य ताज महोत्सव जारी है, यहां देश के विभिन्न राज्यों के चार सौ से अधिक स्टॉल, यूपी के विभिन्न जनपदों के ओडीओपी उत्पादों की स्टॉल,के साथ शहरी, ग्रामीण सभी अंचलों के शिल्पियों को स्थान मिला है, पीएम मोदी व मुख्यमंत्री योगी का ये लगातार प्रयास है की मार्केट के लिए मजबूत उत्पाद दें, अपने स्थानीय उत्पादों को बेहतरीन मार्केट प्लेटफार्म दें ओडीओपी के अंतर्गत यही प्रयास है.

उन्होंने कहा कि पांच सौ वर्षों के त्याग तपस्या से अयोध्या में राम मंदिर बना, राम लला अपने मूल स्थान पर विराजमान हुए संस्कृति की समृद्धि का इससे बेहतर कोई कुछ नहीं हो सकता. उन्होंने कहा कि आगरा के विकास को बहुत आगे ले जाना है, ये बृज भूमि है, यहां लालकिला, ताजमहल ऐतिहासिक है उससे भी ज्यादा बृज के क्षेत्र, कृष्ण की लीला, क्रीड़ा स्थली को सभी जानते हैं, राम मंदिर के बाद अब काशी में नंदी बाबा ने भी अपना सींग हिलाया है, जब रामजी का मंदिर बना तो कन्हैया कब मानने वाले हैं, बृज का कायाकल्प कृष्ण के साथ होगा. मथुरा में यमुना जल परिवहन, फिरोजाबाद में रपड़ी में पर्यटन विकास हो. मथुरा में पंच कोसीय, सप्त कोसीय, चौरासी कोस की परिक्रमा का विकास किया, तीर्थ विकास परिषद ने मथुरा में बहुत काम किए।
मंडलायुक्त ने मुझे बताया कि इस बार आगरा में ताज महोत्सव में यमुना आरती को जोड़ा है ये आरती लगातार अयोध्या, काशी की तर्ज पर भव्य रूप से हो, आगरा व मैनपुरी में अलग अलग एक सौ पचास करोड़ की योजना के कार्य हुए मंडल के चारों जनपद बृज क्षेत्र में है, पर्यटन की बेहतरीन व्यवस्था देंगे। हमारी सरकार ने होटल स्वामियों की मांग पर होटल इंडस्ट्री को उद्योग का दर्जा दिया। नई पर्यटन नीति 2022 दी, जिसमें होटल, रेस्टोरेंट आदि स्थापित करने में इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास में 25 प्रतिशत सब्सिडी तथा महिलाओं तथा अनुसूचित जाति हेतु 30 प्रतिशत सब्सिडी की व्यवस्था है तथा उद्योग के रूप में जो सुविधा दी जाती हैं वह सभी दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यूपी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, यहां हेरिटेज टूरिज्म, ईको टूरिज्म, धार्मिक पर्यटन यूपी सभी में आगे बढ़े इसी का प्रयास हो रहा है, यूपी पर्यटन का सबसे पसंदीदा स्थान बने, कोरोना के बाद स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है, वन विभाग, उद्यान विभाग, पर्यटन विभाग आदि सभी विभागों को मिलाकर ईको टूरिज्म के द्वारा टूरिस्ट को आकर्षित करना भी लक्ष्य है, इस बार 32 करोड़ पर्यटक आगरा आए, काशी अयोध्या में लाखों लोग आ रहे हैं पर्यटन में यूपी को बहुत ऊंचाई तक लेजाने का संकल्प है. आप सभी के सहयोग आगरा भी पर्यटन की नई ऊंचाई पर होगा, पर्यटन कम निवेश में ज्यादा मुनाफा देता है, अयोध्या में फूल माला बनाने वाले मालियों द्वारा बड़ा रोजगार किया जा रहा। आगरा में ताज महोत्सव का आयोजन पर्यटन के विकास में नए आयाम देगा.