आगरालीक्स…चंबल में डॉल्फिन हुईं कम तो घड़ियाल और मगरमच्छों की संख्या बढ़ी. जानिए इस समय कितने मगरमच्छ, घड़ियाल और डॉल्फिन हैं…
चंबल में मगरमच्छ और घड़ियालों की संख्या में इजाफा हुआ है तो वहीं डॉल्फिन की संख्या में कमी आई है. पिछले साल के मुकाबले इस साल चंबल में डॉल्फिन तीन कम हुई हैं. नदी में जलीय जीव का सर्वे किया गया जिसमें कोई भी अस्वस्थ नहीं पाया गया. एक साल में घड़ियालों की संख्या 58 बढ़ी है तो वहीं 15 मगरमच्छ पिछले साल की अपेक्षा अधिक पाए गए हैं.
24 दिसंबर को हुआ था सर्वे
चंबल सेेंचुरी की बाह रेंज में राजस्थान से सटे रेहा से लेकर इटावा से लगे उदयपुर खुर्द तक वन विभाग की 9 टीमों ने सर्वे किया. सर्वे में पाया गया कि नदी में घड़ियाल और मगरमच्छ बढ़ गए हैं. नदी में अगस्त और सितंबर में आई बाढ़ के बावजूद यह आंकड़े उत्साहवर्धक हैं.
चंबल में इस समय 961 घड़ियाल पाए गए जबकि पिछले साल यह संख्या 903 थी. वहीं पिछले साल मगरमच्छ 389 थे जो कि बढ़कर 404 हो गए हैं. हालांकि डॉल्फिन की संख्या कम हुई है. पिछले साल सर्वे में 22 डॉल्फिन थीं जो कि इस बार 19 पाई गइद्र हैं.