आगरालीक्स…आगरा में तेजी से कम हो रहा यमुना का जलस्तर. चेतावनी निशान से भी नीचे पहुंंचा…लेकिन दिखाई दे रहे तबाही के निशान. देखें फोटोज
आगरा में यमुना का जलस्तर तेजी से कम हो रहा है. प्रशासन की ओर से ताजा अपडेट जारी किया गया है जिसके तहत रविवार शाम छह बजे यमुना का जलस्तर आगरा में 150.970 मीटर है जो कि चेतावनी लेवल 151.400 से कम हो गया है. हालांकि यमुना ने अपनी तबाही के निशान चारों ओर छोड़े हैं. बाह में सबसे ज्यादा बुरा हाल है. बटेश्वर मंदिर से यमुना का पानी निकल गया है.
बाढ़ का पानी हटते ही यमुना नदी तबाही का मंजर छोड़ गई है. डूबे घाटों का पानी भी गांव की ओर आ रहा है. शिव मंदिर श्रंखला के पचमुखी महादेव मंदिर, भूतेश्वर महादेव मंदिर के बीच में विसरांत पर बनी दीवार ढह गई है. बटेश्वर गांव के प्रवेश द्वार से लेकर तिराहे के बीच बाढ़ के पानी के साथ सड़क बह गई है. ऊंचाई वाले हिस्से में सड़क कट गई है. बिजली के खम्भे और पेड़ उखड़ गये हैं.कई मंदिरों के प्रवेश द्वार से पानी बह रहा है. निचले इलाके के मंदिरों में शिवलिंग डूबे हुए हैं. घाटों से बह कर मंदिर कारीडोर क्षेत्र के रास्ते पुलिया के नीचे से बह रहा है. कारीडोर क्षेत्र जलमग्न है. ब्रह्मलाल जी मंदिर का गर्भग्रह खाली हो गया है.