आगरालीक्स…यमुना का भी टाइम आएगा, ब्रज में फिर से अपने गौरव को प्राप्त करेगी. धैर्य रखें: जल पुरुष राजेंद्र सिंह
यमुना नदी की बदहाली और सरकारी बेरुखी पर चिंता व्यक्त करते हुए, जल पुरुष राजेंद्र सिंह ने विशेष आरती समारोह में भाग लेते हुए रिवर कनेक्ट कैंपेन सदस्यों को आश्वस्त किया कि यमुना का भी टाइम आएगा और ब्रज मंडल की जीवन रेखा फिर से अपने खोए गौरव को प्राप्त करेगी। राजेंद्र सिंह ने कहा कि भारत में पर्यावरण और नदियों के प्रति घोर उदासीनता परेशानी का सबब है। समय आ गया है कि आमजन अभियान से जुड़े और नदियों के संरक्षण के लिए प्रशासन पर दवाब बढ़ाएं। संस्कृतियां और सभ्यताएं नदियों के तटों पर ही फली फूली हैं। नदियों के किनारे ही तीज त्यौहार, उत्सव समारोह होते रहे हैं। नदियों को अविरल, बिना बाधाओं के बहना चाहिए, सिंह ने कहा।
रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक ब्रज खंडेलवाल ने जल पुरुष का सम्मान करते हुए एक राष्ट्रीय नदी नीति की मांग की। डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य ने धन्यवाद देते हुए कहा कि निरंतर दवाब बनाने से ही सरकार सुप्रीम कोर्ट के हाल ही के नदी सफाई के आदेशों का पालन हो सकेगा। आज के कार्यक्रम में अनिल शर्मा, डॉ. आनंद राय, राजीव गुप्ता, चतुर्भुज तिवारी, राहुल राज, जगन प्रसाद तेहेरिया, शहतोष गौतम, मीरा खंडेलवाल, पद्मिनी अय्यर, मुकुल पांडे, गोपाल सिंह, अंकुश दवे आदि उपस्थित रहे।