आगरालीक्स…’खुद तंदुरुस्त रहोगी तभी तो दूसरों का ध्यान रख पाओगी!’, महिला विंग का चिकित्सकों से सीधा संवाद, मिला ये जवाब…
आगरा में स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं अंतर्राष्ट्रीय सिंधी समाज संगठन महिला विंग द्वारा संयुक्त रूप से “अपनों की बात अपनों के साथ – 3” स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया।100 से अधिक प्रबुद्धजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम का नेतृत्व अस्पताल के सम्मानित फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ मनीष गुरुदत्ता ने किया। इस अवसर पर पूजा त्रिपाठी न्यूरो संबंधी बीमारियों एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया, वहीं डॉ देव रंजन अग्रवाल ने हड्डियों एवं जोड़ों से जुड़ी समस्याओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। डाइटीशियन रिंकल शर्मा ने संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को विस्तार से समझाया।संगोष्ठी के दौरान आयोजित ओपन प्रश्नोत्तर सत्र में लोगों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे संवाद कर अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान प्राप्त किए। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, बेहतर जीवनशैली अपनाने और समय पर उपचार के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
प्रश्नों के जवाब में चिकित्सकों ने कहा कि एक महिला ही है जो पूरे निस्वार्थ भाव से अपने पूरे परिवार का ख्याल रखती है। ऐसे में यह आवश्यक हो जाता है कि सभी महिलाओं, माताओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति सजग किया जाए। क्योंकि जब माता की सेहत तंदुरुस्त रहेगी तभी वो दूसरों का ख्याल भी अच्छे से रख पाएंगी।
कार्यक्रम का वातावरण जागरूकता, अपनापन और सामाजिक एकता से भरपूर रहा। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। "आपका स्वास्थ्य ही आपकी सबसे बड़ी पूंजी है" — इसी संदेश के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
इस अवसर पर सिंधी समाज के सदस्यों में अंतर्राष्ट्रीय सिंधी समाज संगठन आगरा एवं उत्तर प्रदेश कीं अध्यक्ष अंजू दियालानी, महामंत्री दिया सेवकानी, सलाहकार डॉ. मनिंदर कौर, कोषाध्यक्ष प्रीति नागदेव सह मंत्री पूजा सेवकानी एवं पूरी टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही।