आगरालीक्स…आगरा में फंदे से लटकी मिली पीसीएस परीक्षार्थी की लाश. 4 लाख लेने के बाद भी युवती कर रही थी ब्लैकमेल.
आगरा के थाना सदर में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. उसका शव फंदे पर लटका मिला. मृतक पीसीएस मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहा था. शादी समारोह से लौटे परिजनों ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो चीख निकल गई. परिजनों ने एक युवती और उसके परिजनों पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया. पुलिस ने युवती सहित 4 के खिलाफ केस दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
घटना रविवार रात को सदर के महादेव नगर की है. महादेव नगर में मनोज सिंह रहते हैं जो कि जल निगम में ठेकेदार हैं. परिजनों ने बताया कि उनका बेटा सागर सिंह बीसीए पास था और पीसीएस परीक्षा की तैयारी कर रहा था. सागर वर्ष 2024 में पीसीएस की प्री परीक्षा में पास हो गया था और मुख्य परीक्षा में पास नहीं हो सका था. इस बार भी पीसीएस प्री परीक्षा को क्लीयर कर मुख्य परीक्षा के लिए तैयारी कर रहा था. 15 दिन पहले दिल्ली भी गया था और शनिवार को वापस लौटा था.
परिजनों ने बताया कि रविवार को उनके परिचित के घर में शादी थी. शादी में शामिल होने के लिए परिवार के सभी लोग फतेहाबाद रोड स्थित एक मैरिज होम में गए हुए थे. रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद सागर अकेला ही शादी से वापस आ गया. कुछ देर बाद जब परिजन घर पहुंचे तो उन्होंने सागर को कमरे में साड़ी से बने फंदे पर लटका देखा. यह देखते ही उनकी चीख निकल गई. सूचना पर पुलिस भी आ गई.
युवती पर प्रताड़ना का आरोप
परिजनों ने बताया कि युवती की प्रताड़ना से तंग आकर उनके बेटे ने जान दी है. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया और शव नहीं उठने दिया. पुलिस ने समझाया, लेकिन वो नहीं माने. बाद में एसीपी सदर इमरान अहमद पहंचे. उन्होंने मामले में तहरीर देने के लिए कहा. परिजनों ने आरोपी युवती, उसके पिता, मां व एक अन्य के खिलाफ तहरीर दी है. पिता मनोज ने बताया कि युवती ने उनके बेटे, उनके ओर पत्नी के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया था. इस केस में समझौते के नाम पर 4 लाख रुपये भी वसूले थे. समझौता होने पर पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगाई थी और इसे कोर्ट भेजा था. युवती और उसके परिजन को बयान के लिए कोर्ट बुलाया जा रहा था. लेकनि युवती और उसके परिजन एफआर को स्वीकार करने के लिए तीन लाख रुपये की मांग कर रहे थे.
परिजनों ने बताया कि इससे उनका बेटा अवसाद में था और इसी वजह से जान दी है. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.