आगरालीक्स…आगरा के शाहजहां पार्क का नाम नहीं बदलेगा. क्वीन विक्टोरिया पार्क से बदलकर रखा गया था शाहजहां पार्क नाम. देखें वीडियो
आगरा के शाहजहां पार्क का नाम बदलकर गीता गोविंद वाटिका रखने की खबरें चल रही थीं. लेकिन आज कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि —मैंने शाहजहां पार्क का नाम बदलने की बात नहीं कही, मैंने जोनल पार्क का नाम बदलकर गीता गोविंद वाटिका रखने को कहा था.
20 फरवरी को कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय द्वारा क्षेत्रीय जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु जिले के अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस आगरा में बैठक की गयी थी, जिसमें अन्य बिन्दुओं के साथ साथ ताज नगरी स्थित उन्नीस एकड़ के जोनल पार्क को ब्रजक्षेत्र की सांस्कृतिक चेतना को विदेशों तक पहुंचाने हेतु और देश-विदेश के पर्यटकों के लिए एक सांस्कृतिक पर्यटन क्षेत्र विकसित करने हेतु गीता गोविंद वाटिका के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव देते हुए इसकी योजना हेतु निर्देशित किया गया। जिसमें प्रभु श्रीकृष्ण युगीन पेड़ पौधे वनस्पतियों रोपित किए जाने, डेढ़ एकड़ के भूखंड पर वृंदावन की तर्ज पर वृंदा (तुलसी) की सभी प्रजातियों के पौधे लगाए जाने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे जहां एक ओर वृंदावन की छटा प्रदर्शित होगी, वहीं पर्यावरण को लाभ मिलेगा। उसी जोनल पार्क में डेढ़ – दो एकड़ में मुक्त आकाशीय मंच निर्मित कर रात्रि में कृष्ण लीलाओं का मंचन, कृष्ण लीलाओं के चित्र और मूर्तियां तथा गीता के उपदेशों के चित्र अधिष्ठापित कर उसे विकसित किए जाने का प्रस्ताव लिया। इससे भारत की ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक चेतना के साथ-साथ आगरा का पर्यटन उद्योग भी सशक्त होगा।
मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने इस दृष्टि से प्रशासनिक अधिकारियों को सुझाव दिया यहां उल्लेखनीय है कि मुगल काल में जो स्थान शाहजहां पार्क के नाम से जाना जाता था, उसे अंग्रेजों के शासन में विक्टोरिया गार्डन कहा जाने लगा। भारत के स्वतंत्र होने के पश्चात वर्तमान में उसे मोतीलाल नेहरू पार्क के नाम से कहा जाने लगा है। यद्यपि बोलचाल में आज भी लोग शाहजहां गार्डन कहते हैं। उन्होंने कहा कि शाहजहां पार्क का नाम बदलने की खबरें सही नहीं हैं.