आगरालीक्स…आगरा में सात फुट की गली में स्पीड से चला रहे थे बाइक. बुजुर्ग ने मना किया तो पीट—पीट कर ले ली जान…
आगरा में एक बुजुर्ग को अपनी जान केवल इस बात पर गंवानी पड़ गई क्योंकि उसने गली में तेज रफ्तार से बाइक चलाने को मना किया था. गुस्साए दबंगों ने वृद्ध की पीट—पीट कर हत्या कर दी पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को अरेस्ट किया है और मामला दर्ज कर लिया है.
घटना जगदीशपुरा क्षेत्र की माहौर गली भीम नगर की है. यहां 60 वर्षीय पप्पू माहौर रहतेहैं. गली सात फुट की है. शुक्रवार रात को वह अपने नाती के साथ घर के बाहर खड़े थे. तभी पड़ोस में किराए पर रहने वाला एक युवक तेज रफ्तार में बाइक ले जा रहा था. बाइक की स्पीड को देख बुजुर्ग ने उसे टोका और कहा कि गली में बच्चे खेलते हैं, बाइक धीमे चलाया करो. लेकिन इस बात से बाइक सवार युवक गुस्सा गया और उसने गाली गलौज करना शुरू कर दी. इसके बाद वह अपने साथियों को ले आया और बुजुर्ग पर हमला बोल दिया. बचाने आए उसके अन्य परिजनों को भी पीटा. सिर में ईंट लगने से बुजुर्ग पप्पू माहौर फर्श पर गिर पड़े. परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे तो यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मारपीट में पप्पू की पत्नी सुनीता, बेटा लेखराज, शिवा सेत चार घायल हुए हैं.
पुलिस ने इस मामले में आरोपी बाइक सवार सहित चार लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने चारों को हिरासत में लिया है.