आगरालीक्स…जिंदगी की जंग हार गया बरहन का कान्हा. बाइकों की भिड़ंत मेें हुआ था घायल, देर रात हुई मौत. शव पहुंचा तो बरहन—आंवलखेड़ा रोड किया जाम
आगरा के बरहन में सड़क हादसे में एक 19 साल के युवक कान्हा की मौत हो गई है. दो दिन पहले आंवलखेड़ा रोड पर सड़क पर गड्ढे से बचने के दौरान बाइकों की आमने सामने की भिड़ंत में वह बुरी तरह से घायल हो गया था. पहले उसे आगरा के निजी अस्प्ताल में भर्ती कराया गया और बाद में जयपुर ले जाया गया. जहां देर रात उसकी मौत हो गई. युवक का शव शनिवार को जब बरहन पहुंचा तो आक्रोशित लोगों ने आंवलखेड़ा रोड पर जाम लगा दिया. सूचना पर पुलिस फोर्स और विधायक भी पहुंच गए. किसी तरह समझाकर देर शाम उसका अंतिम संस्कार किया गया.
ये है मामला
एक्सीडेंट 23 अक्टूबर को हुआ. बरहन में रहने वाला ओमकार उर्फ कान्हा अपने साथियों अरुण और अमन के साथ बाइक पर जा रहा था. सड़क पर गड्ढे से बचने के प्रयास में दो बाइकों की भिड़ंत हो गई जिसमें कान्हा गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि उसके साथियों को चोटें आईं. आगरा के एक निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया जहां से उसे बाद में जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई. कान्हा अपने पिता भूरी सिंह का इकलौता बेटा था.
शनिवार को ओमकार का शव बरहन पहुंचा तो आक्रोशित लोगों ने शव को रखकर बरहन—आंवलखेड़ा रोड जाम कर दिया. वे मुआवजे और सड़क सुधार की मांग कर रहे थे. सूचना पर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, एसीपी एत्मादपुर, एसडीएम और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. परिजनों को सांत्वना दी गई और मुआवजे का आश्वासन दिया. इसके बाद देर शाम परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया.