आगरालीक्स…आगरा में घर—घर बीमार हो रहे लोग. कोई बुखार से पीड़ित तो किसी को खांसी जुकाम…डॉक्टरों से जानिए क्या बरतें एहतियात…
आगरा में एक ओर कोरोना महामारी तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रही है तो वहीं दूसरी ओर लोग तेजी से बुखार और जुकाम की समस्याओं से भी जूझ रहे हैं. आगरा में इस समय घर—घर में कोई बुखार से पीड़ित है तो कोई खांसी और जुकाम की समस्या से जूझ रहा है. लोगों के बीमार होने की वजह मौसम भी माना जा रहा है.
आगरा के चिकित्सक डॉ. जेएन टंडन का कहना है कि बदलता मौसम लोगों को बीमार करता है. कल ही शहर में आंधी आई और उससे पहले तेज धूप. लेकिन फिर भी लोगों को समझना होगा कि ये समय काफी सतर्क रहने का है क्योंकि कोरोना महामारी और वायरल के लक्षण लगभग एक जैसे हैं. अगर किसी को बुखार है या खांसी जुकाम लगातार हो रहा है तो जरूरी है कि वो पहले से ही प्रकोशन बरते. मास्क पहनें और हाथों को धोते रहे. इसके अलावा स्पेशलिस्ट डॉक्टर से जरूर संपर्क करे. उनका कहना है कि इस साल हालात पिछली बार से बिल्कुल अलग हैं लेकिन लोगों ने पिछले साल के ही अपने पर्चों के आधार पर दवाएं लेना शुरू कर दिया है जो कि अनुचित है. जरूरी है कि वो जाकर डॉक्टर को दिखाए. इसके अलावा अगर बुखार ज्यादा दिन तक रहता है तो उन्हें कोरोना टेस्ट जरूर कराना चाहिए. अभी के मौसम में बच्चों-बुजुर्गों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है। डायबिटीज, दिल और ब्लड प्रेशर समेत दूसरी बीमारी से जूझ रहे मरीज संजीदा रहे हैं। सांस के मरीजों की भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
- बच्चों को कोल्ड्रिंक या आइसक्रीम देने से परहेज करें
- सुबह के समय हल्का गुनगुना पानी अभी पीते रहें
- कूलर और एसी का ज्यादा उपयोग न करें
- घर से बाहर बेवजह न निकलें, अगर किसी काम से जाना है तो मास्क जरूर पहनें
- घर पर बना ताजा और सादा भोजन करें
- मौसमी, नारंगी और संतरा जैसे ताजे फल और बीन्स, दाल जैसी प्रोटीन से भरपूर आहार लें.
- खाने में अदरक, लहसुन और हल्दी जैसे मसाले का उपयोग करें.
- दिन में 8 से 10 गिलास पानी पीयें