आगरालीक्स …आगरा पुलिस ने बडे हेलो गैंग को पकडा है, यह गैंग ट्रांसफर होने पर घर का सामान ले जाने के लिए मूवर्स एंड पैकर्स की आनलाइन तलाश करने वाले लोगों को जाल में फंसाता था। यह गैंग बीहड से चल रहा था और 12 वीं पास गैंग चला रहे थे।
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि रघुवीर सिंह जादौन ने शिकायत की थी कि उसे असम से कोयला मंगाना था। उसने ऑनलाइन एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का नंबर सर्च किया। उस पर संपर्क किया। सामने वाले ने दूसरों से कम किराया बताया। उसने बुकिंग के लिए 1.11 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। बाद में पता चला कि उसके साथ ठगी हुई है। पीड़ित की शिकायत पर ताजगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
ये किए अरेस्ट
आदेश सिंह, हरेंद्र सिंह (जैतपुर कलां), ऋषभ व दुर्गेश कुमार सिंह (एत्मादुद्दौला), प्रेम सिंह (पिनाहट), मुनेंद्र (मांट, मथुरा), सचिन सोलंकी (अमापुर, कासगंज), गौरव कुमार (बाह) और दिलीप कुमार सिंह (कलाल खेरिया, ताजगंज) को गिरफ्तार किया गया है। सभी को धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत जेल भेजा जा रहा है।
ठगी का बडा नेटवर्क
19 मोबाइल, 28 सिमकार्ड, 15 एटीएम, तीन फर्जी ट्रांसपोर्ट लैटर आदि सामान बरामद हुआ। मौके से तीन रजिस्टर मिले। जिसमें उन लोगों के नाम और नंबर लिखे थे जिनसे ठगी हुई थी। छानबीन में पता चला कि आरोपियों ने तमिलनाडू, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, आंध्रप्रदेश, उड़ीसा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान आदि राज्यों के लोगों के साथ ठगी की है।
कई नामों से रजिस्ट्रेशन
ईट्रक, जस्ट डॉयल आदि साइट पर आरोपियों ने अपनी कंपनी के रजिस्ट्रेशन कई नामों से कराए थे। जांच में पता चला कि आरोपियों की कंपनी के नाम श्री लॉजिस्टिक्स, एटीजीसी लॉजिस्टिक्स, वेस्ट बालाजी पैकर्स एंड मूवर्स, छाया पैकर्स, साक्षी टैवल्स सर्विसेज, आसीआई ट्रांसपोर्ट, ठाकुर रोड लाइंस आदि रखे थे।
इनसे की ठगी
चंदौली के संकट मोचन रोड लाइंस के मालिक रामजीत सिंह से चार लाख
महाराष्ट्र के चालक सोमनाथ मुंडे से बीस हजार
उड़ीसा के ट्रांसपोर्टर शार्प लॉजिस्टिक्स के मालिक कालू चरण साहू से 40 हजार
मुंबई की प्रोपर्टी लैंडमार्क इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड 1.06 लाख