आगरालीक्स .(.Agra News 19th November)…आगरा में करोड़ों के लोन में फर्जीवाड़े के आरोप में बैंक आफ इंडिया के तत्कालीन प्रबंधक और कर्मचारी के खिलाफ पुलिस ने लगाई चार्जशीट।
आगरा में सात जुलाई 2017 को राधा विहार कॉलोनी निवासी क्रष्ण मुरारी गर्ग ने थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोप लगाए थे कि अनुपम हाउसिंग के मालिक रामअवतार अग्रवाल सहित सात लोगों के साथ मिलकर 35 फीसद की साझेदारी में शाहदरा चुंगी में एक जमीन ली थी। इस जमीन पर राम अवतार ने फर्जी दस्तावेज लगाकर 2.35 करोड़ का लोन ले लिया। इसमें क्रष्ण मुरारी गर्ग को गारंटर बनाया गया, गारंटर के लिए उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए।

बैंक आफ इंडिया, न्यू आगरा के तत्कालीन प्रबंधक और कर्मचारी पर भी चार्जशीट
लोन बैंक आफ इंडिया की न्यू आगरा शाखा से लिया गया था। पुलिस ने क्रष्ण मुरारी गर्ग के विधि विज्ञान प्रयोगशाला से हस्ताक्षर के मिलान कराए गए, इसमें हस्ताक्षर क्रष्ण मुरारी गर्ग के न होने की पुष्टि हुई। इस मामले में पुलिस ने दिसंबर 2018 में राम अवतार अग्रवाल, शशि बाला अग्रवाल, अनुपम अग्रवाल और पूर्वा अग्रवाल के खिलाफ चार्जशीट लगा दी।थाना न्यू आगरा प्रभारी भूपेंद्र बालियान का मीडिया से कहना है कि इस मामले में बैंक आफ इंडिया, न्यू आगरा के तत्कालीन मैनेजर सियाराम मीणा, फील्ड अधिकारी डीके अग्रवाल और रीना बंसल के खिलाफ चार्जशीट लगा दी है।