आगरालीक्स ..आगरा के नाम को लेकर बडी खबर आ रही है, जिला प्रशासन ने दो महीने पहले आगरा का नाम अग्रवन रखे जाने के प्रस्ताव पर अपनी रिपोर्ट भेज दी थी, इसमें कहा गया है कि आगरा का नाम पहले अग्रवन था, इस तरह के कोई साक्ष्य नहीं हैं। हालांकि, डॉ भीमराव आंबेडकर विवि ने आगरा के नाम को लेकर शोध शुरू कर दिया है, इसके लिए विवि की वेबसाइट के माध्यम से लोगों से आगरा के नाम को लेकर प्रमाण और साक्ष्य सात दिन में देने के लिए कहा है।
आगरा में 2018 में भाजपा के विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने आगरा का नाम बदलकर अग्रवन रखने की मांग की थी, उनका निधन हो गया। जिला प्रशासन ने आगरा का नाम अग्रवन रखने के लिए दस्तावेजों की जांच कराई गई। कोई ऐतिहासिक प्रमाण नहीं मिले हैं। डीएम एनजी रवि कुमार ने बताया कि आगरा का नाम बदलकर अग्रवन करने के कोई साक्ष्य नहीं मिले। इसके चलते नाम बदलने का कोई औचित्य नहीं है।