आगरालीक्स… आगरा में 8 बाई 16 फीट की दुकान की नीलामी में सांसद चौधरी बाबूलाल के रिश्तेदार और एक कारोबारी में बोली लगाने की जुबानी जंग छिड गई, नौ लाख से शुरू बोली 3 .15 करोड तक पहुंच गई। यह आगरा के इतिहास में किसी दुकान के लिए लगाई गई सर्वाधिक बोली है।
आगरा के सिकंदरा की नवीन सब्जी मंडी की 50 दुकानों की नीलामी के लिए गुरुवार को आगरा कॉलेज में बोली लगाई गई। इसमें कार्नर की 8 बाई 16 फीट की दुकान संख्या 284 के लिए नौ लाख रुपये से बोली शुरू हुई। इस दुकान को लेने के लिए सांसद चौधरी बाबूलाल के रिश्तेदार कराहरा ट्रेडर्स कंपनी के पुष्कर सिंह और शेरावाली ट्रेडिंग कंपनी के पंकज यादव ने बोली एक करोड तक पहुंचा दी।
तीन करोड के बाद भी बोली रही जारी
बोली बढने के साथ ही जुबानी जंग भी शुरू हो गई, एक दूसरे ने दुकान खरीदने का चैलेंज देते हुए बोली पर बोली लगाना शुरू कर दिया। पंकज यादव ने दुकान की बोली 3 .10 करोड बोल दी, इस पर तपाक से पुष्कर सिंह ने 3. 15 करोड की बोली लगा दी। इसके बाद पंकज यादव ने आगे बोली नहीं बोली, कुछ देर के लिए सन्नाटा पसरा रहा। कार्नर की यह दुकान पुष्कर सिंह को 3.15 करोड में दे दी गई। यह दुकान की नीलामी के लिए आगरा में सर्वाधिक बोली बताई जा रही है। इसके बाद दूसरे नंबर पर सर्वाधिक बोली. दुकान संख्या 244 को प्रेमदत्त, प्रेमदत्त कंपनी ने 70. 50 लाख रुपये में खरीदा।
20 करोड से अधिक में बिकी 50 दुकानें
नीलामी में पहले दिन 50 दुकानों के लिए बोली लगी, इन दुकानों का आरक्षित मूल्य 2. 90 करोड था और 20. 58 करोड में दुकाने आवंटित की गईं हैं। इसमें से अधिकांश दुकान 30 लाख से अधिक रेट पर बिकी हैं।
अगले सप्ताह 50 और दुकानों की नीलामी
सब्जी मंडी में 100 दुकानों की नीलामी होनी थी, पहले चरण में 50 दुकानों की नीलामी हुई है, इसके बाद 50 और दुकानों की नीलामी होनी है। डीएम गौरव दयाल का कहना है कि सिकंदरा सब्जी मंडी की दुकान संख्या 284 की बोली 3. 15 करोड लगी है।