आगरालीक्स… आगरा के कारोबारी को किडनैप करने के बाद 70 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है, फिरौती का फोन आने के बाद परिजनों के होश उड गए। इस घटना से दवा कारोबारियों में आक्रोश है।
आगरा के जगनेर में भगवान कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय कपिल पुत्र महेश की दवाइयों की दुकान है। बुधवार की रात साढे़ नौ बजे कपिल के मोबाइल पर दवा देने के लिए कॉल आया। वह घर से दुकान की ओर चले गए। काफी देर तक नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। परिजनों ने रात को थाने में सूचना दी।
सूत्रों के अनुसार बदमाशों ने गुरुवार सुबह परिजनों को फोन करके 70 लाख रुपये फिरौती मांगी। इससे परिवार के होश उड़ गए। उधर, फिरौती के फोन का पता चलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। एसपी ग्रामीण डॉ. अखिलेश नारायन सिंह, सीओ खेरागढ़ नरेन्द्र राणा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने परिजनों से मामले की जानकारी ली। परिजनों ने थाना पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।
दवा व्यापारी के अपहरण की जानकारी होने पर कस्बे के लोगों में आक्रोश फैल गया। व्यापारियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि समय रहते पुलिस सतर्क हो जाती तो व्यापारी बरामद हो सकता था। गुस्साए व्यापारी बाजार बंद कराने के बाद नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। विधायक महेश गोयल पहुंच गए और परिजनों से जानकारी ली। अधिकारियों ने दवा व्यापारी की सकुशल बरामदगी का आश्वासन दिया।