
विवि में संविदा कर्मचारियों को स्थायी करने के लिए कर्मचारी भूख हडताल पर बैठे थे और शनिवार से विवि बंद करा दिया था। सोमवार को विवि के खंदारी परिसर में हंगामा हुआ, विवि ने 61 कर्मचारियों को स्थायी करने और 15 कर्मचारियों पर पुनर्विचार करने का आश्वासन दिया था, इस जीत के बाद कर्मचारियों ने मंगलवार दोपहर में भूख हडताल खत्म कर दी और विवि खोल दिया गया। सपा नेत्री कुंदनिका शर्मा के साथ ही कर्मचारी संघ अध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने कर्मचारियों को जीत की बधाई दी।
चीफ प्रोक्टर पर दर्ज हो मुकदमा
कर्मचारियों ने आरोप लगाए थे कि सोमवार को प्रदर्शन के दौरान चीफ प्रोक्टर डॉ मनोज श्रीवास्तव ने सीएम अखिलेश यादव पर अभद्र टिप्पणी कर दी थी और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में कर्मचारियों ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है, उन्हें आश्वासन दिया गया है।
रिकॉर्ड गायब करने के आरोप में वरिष्ठ सहायक गिरफ्तार
उधर, बीएड 2005 की जांच कर रहे विशेष जांच दल ने वरिष्ठ सहायक सुनील वार्ष्णेय और कार्यालय अधीक्षक शैलेंद्र गुप्ता पर मुकदमा दर्ज किया था, इन दोनों के खिलाफ कुर्की के आदेश हुए थे। इस मामले में स्थानीय पुलिस के साथ एसआईटी ने वरिष्ठ सहायक सुनील वार्ष्णेय को गिरफ्तार कर लिया। उन पर आरोप है कि एक कॉलेज ने बीएड की फर्जी मार्कशीट बांट दी थी, इसका रिकॉर्ड सुनील वार्ष्णेय ने गायब कर दिया है। इस मामले में दूसरी आरोपी शैलेंद्र गुप्ता के खिलाफ कुर्की के आदेश हो चुके हैं। वे कोर्ट से दो जुलाई तक स्टे ले आए हैं।
कई कर्मचारियों की होनी है गिरफ्तारी
इस प्रकरण में एसआईटी द्वारा कई और कर्मचारियों की गिरफ्तारी होनी है, इसके लिए एसआईटी ने सुबूत जुटा लिए हैं, अब पुलिस द्वारा इन्हें पकडा जाना है।
Leave a comment