आगरालीक्स… आगरा के डॉ भीमराव अंबेडकर विवि के दीक्षांत समारोह के लिए दो दिन वीवीआईपी मूवमेंट रहेगा। मुख्य अतिथि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे, उनके स्वागत के लिए आज रात तक राज्यपाल राम नाईक और उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा शहर में आ जाएंगे।
विवि का दीक्षांत समारोह मंगलवार पांच दिसंबर को है, समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद हैं। कुलाधिपति राम नाईक के साथ ही मानद उपाधि से सम्मानित किए जा रहे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, वैज्ञानिक टेसी थॉमस और योगाचार्य भी आ रहे हैं। इनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों ने शहर में डेरा जमा लिया है। रविवार को उनकी पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसके बाद रूट का निरीक्षण भी किया। साथ ही रूट के आसपास के क्षेत्रों में भी खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। कैंपस से लेकर रूट तक मजबूत सुरक्षा घेरा रहेगा। रूट को तीन जोन और छह सेक्टरों में बांटा गया है। सोमवार को रूट पर रिहर्सल होगा।
गेट नंबर सात, खंदारी चौराहे के निकट वाले गेट से मेडल विजेताओं को प्रवेश
मेडल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विवि द्वारा जारी पत्र दिखाकर ही प्रवेश मिलेगा।उन्हें आधार कार्ड भी दिखाना होगा। मेडल पाने वाले छात्र अपने माता-पिता में से केवल एक को ही साथ ला सकेंगे। प्रवेश के समय उन्हें रजिस्टर में इसकी जानकारी भी लिखनी होगी। समारोह स्थल में मोबाइल, बैग, पानी की बोतल आदि नहीं ले जा सकेंगे। समारोह स्थल पर प्रवेश एक घंटे पहले मिलेगा। देर से आने वालों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
आरबीएस टेक्निकल कैंपस में होगी पार्किंग
समारोह में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था खंदारी परिसर के बराबर स्थित आरबीएस टेक्निकल कैंपस में की गई है। वीवीआइपी की पार्किंग गेट नंबर दो के पास मैदान नंबर एक में होगी, जबकि अन्य लोगों की पार्किंग मैदान नंबर दो में होगी। समारोह के लिए प्रवेश बाइपास चौराहे के पास आइबीएस के गेट नंबर सात से मिलेगा। अतिथि गेट नंबर दो से आएंगे।
ये रहेगा फोर्स
आरएएफ- चार कंपनी
सीआरपीएफ- एक कंपनी
आइपीएस – तीन
एडीशनल एसपी- आठ
सीओ – 27
थानेदार- 45
सिपाही- 2000