आगरालीक्स………आगरा की मेयर हेमलता दिवाकर ने डंडा लेकर नालों की सफाई की पड़ताल की, बारिश ने नगर निगम की पोल खोल दी। कमर तक भरा पानी। खुदी सड़कें बनी दलदल, नारकीय हालात, आपके क्षेत्र में क्या है स्थिति।
मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने सोमवार दोपहर में अर्जुन नगर, खेरिया मोड क्षेत्र का निरीक्षण किया। डंडा लेकर नालों की तलीझाड़ सफाई को परखा, निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए बारिश में जलभराव नहीं होना चाहिए। नालों की सफाई अच्छी तरह से की जाए। इसके कुछ देर बाद ही बारिश शुरू हो गई।
सड़क बनी नाला, कमर तक पानी
सोमवार शाम से शुरू हुई बारिश मंगलवार रात तक जारी रही। रुक रुक कर बारिश होती रही। इससे सोहल्ला, आवास विकास काॅलोनी, शाहगंज, अर्जुन नगर सहित शहर के अधिकांश क्षेत्रों में जलभराव हो गया। कई क्षेत्रों में कमर तक पानी भर गया। नालों का गंदा पानी सड़क पर बहने लगा, इससे सड़क ही नाला बन गई। लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
खोदाई से दलदल, सड़कों पर गंदगी
आवास विकास काॅलोनी, बोदला सिकंदरा रोड, लोहामंडी से सेंट जोंस काॅलेज, कमला नगर शालीमार एन्क्लेव सहित शहर के जिन हिस्सों में खोदाई चल रही है, वहां बारिश से दलदल बन गया। राहगीरों को परेशानी हुई। बारिश से बने दलदल में बाइक स्लिप होने का खतरा बना रहा। वहीं, काॅलोनियों में बारिश के बाद नालों की गंदगी बाहर सड़क पर आ गई, कुछ देर बाद पानी निकल गया लेकिन गंदगी से बुरा हाल हो गया है।