आगरालीक्स…आगरा में ताज महोत्सव के दौरान काशी, हरिद्वार की तर्ज पर होगी यमुना महाआरती. काशी से आएंगे विशेष पुरोहित..मेयर ने किया निरीक्षण
आगरा में भी काशी और हरिद्वार की तरह यमुना की महाआरती होगी। ताज महोत्सव के दौरान बेलनगंज स्थित यमुना आरती स्थल पर नगर निगम आगरा महाआरती का आयोजन कराएगा। मंगलवार को इसके लिए महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल व अन्य नगर निगम के अधिकारियों के साथ महाआरती की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बीते कुछ वर्षों से ताज महोत्सव के दौरान नगर निगम आगरा द्वारा हरिद्वार, काशी की तर्ज पर महाआरती का आयोजन किया जाता है। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने इसकी शुरूआत की थी। तब से प्रत्येक वर्ष नगर निगम महाआरती का भव्य आयोजन ताज महोत्सव के दौरान कराता है।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि ताज महोत्सव के दौरान 10 दिन तक नगर निगम की ओर से एत्माद्दौला व्यू पॉइंट पर हर शाम महाआरती होगी। जनसमुदाय को यमुना के खोए हुए गौरव को पुनर्स्थापित करने और यमुना नदी को पुनर्जीवित करने के संकल्प के साथ प्रत्येक वर्ष यमुना महाआरती का आयोजन किए जाने की परंपरा शुरू की गई है। नगर निगम इसे प्रत्येक वर्ष भव्य बनाने का प्रयास कर रहा है। इस बार पहले की अपेक्षा भव्य रूप में यमुना महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए निगम के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। महापौर ने बताया कि हमारा उद्देश्य अधिक से अधिक संख्या में लोगों को यमुना महाआरती के जरिए प्रकृति से जोड़ने का है, जिससे कि शहर के लोग, खासतौर से नई पीढ़ी यमुना मैया के दर्शन करे और समझे की यमुना केवल नदी नहीं बल्कि हमारी जीवनदायिनी मां है।
विदेशी भी होते हैं ब्रज की संस्कृति से रूबरूमहापौर ने कहा कि यमुना महाआरती के जरिए विदेशी सैलानी भी ब्रज की संस्कृति से रूबरू होते हैं। वह देख पाते हैं कि हम तेजी से बदल रही वैश्विक संस्कृति के साथ अपने प्राचीन मूल्यों को संजोए हुए हैं। महापौर ने बताया कि इस बार महाआरती के लिए काशी से विशेष पंडित, पुरोहित और विद्वान बुलाए गए हैं, जो हूबहू काशी में गंगा मैया की तर्ज पर आगरा में यमुना मैया की आरती करेंगे। इसके साथ ही दस दिनों तक भजन संध्या सहित अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम सहित अन्य निगम के अधिकारी मौजूद रहे।