आगरालीक्स..(19 October 2021 Agra News) आगरा के कार कंपनी शोरूम के मैनेजर की हत्या. रात में थे सिकंदरा क्षेत्र में सुबह 80 किलोमीटर दूर मिला शव. चेहरे व शरीर पर चाकुओं के निशान
मुरैना में मिला शव
आगरा के बाईपास रोड स्थित सनी टोयोटा कार कंपनी के शोरूम के मैनेजर की हत्या की गई है. उसका शव 80 किलोमीटर दूर मुरैना में मिला. शरीर पर चाकुओं के निशान मिले हैं जबकि मृतक के पास से मोबाइल, पर्स, अंगूठी आदि सारा सामान गायब था. मुरैना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. जानकारी होने पर परिजनों ने बताया कि रात को फोन पर बात हुई है और सुबह मुरैना में शव मिलने की सूचना मिली. उन्होंने आगरा में ही हत्या कर शव को मुरैना फेंकने की संभावना जताई है. फिलहाल मुरैना की सरायछौल पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. (car showroom manager agra dead)

कंपनी में बॉडी शॉप मैनेजर थे
आगरा के मोती कटरा में रहने वाले 45 वर्षीय रंजीत पुत्र ओमप्रकाश खरे आगरा की सनी टोयोटा शोरूम में बतौर बॉडी शॉप मैनेजर के पद पर थे. बताया जाता है कि सोमवार को वह रात 9 बजे अपनी कार यूपी 83 एक 8733 से घर के लिए निकले थे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक कर्मचारी की विदाई पार्टी थी जिसमें वह भीशामिल हुए थे. यहां खाना पीना हुआ था. इसके बाद वह रात करीब 10 बजे के आसपास पार्टी से निकल गए. आज सुबह इनका शव मुरैना के सरायछौला थाना क्षेत्र में पड़ा मिला. पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी तो कोहराम मच गया.
हत्या कर शव फेंकने का आरोप
इधर परिजनों ने रंजीत की हत्या कर शव मुरैना में फेंकने का आरोप लगाया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रंजीत के भाई ने बताया कि रात करीब 11 बजे रंजीत को फोन किया था जिसमें उन्होंने सिकंदरा क्षेत्र में होना बताया और जल्द घर लौटने की बात कही. लेकिन सुबह तक वो घर नहीं लौटे. मंगलवार दोपहर करीब मुरैना पुलिस से सूचना मिली कि रंजीत का शव मिला है.
कार, मोबाइल, पर्स सब गायब
रंजीत का शव चंबल नदी के पास हाइवे किनारे मिला. रंजीत की कार, दो मोबाइल, सोने की अंगूठी, पर्स, एटीएम आदि सब गायब था. मृतक मैरेजर के गले, चेहरे व सिर पर धारदार हथियारों के निशान हैं, जिससे हत्या कर शव फेंकने की संभावना है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.