आगरालीक्स…. आगरा के चिकित्सक दंपती के नाम एक और बड़ी उपलब्धि, अमेरिका में आईएपीएम द्वारा डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा और डॉ. जयदीप मल्होत्रा को अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप दी जाएगी। 2026 में आगरा में होगा सम्मेलन। ( Agra’s Dr. Narendra Malhotra & Dr. Jaideep Malhotra honored with Fellowship in IAPM 2024 in New York from 27 June)
इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ पेरिनेटल मेडिसिन (आईएपीएम) के 27 से 29 जून तक न्यूयॉर्क में आयोजित होने जा रहे सम्मेलन में डॉक्टर नरेंद्र मल्होत्रा और डॉक्टर जयदीप मल्होत्रा को अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप दी जाएगी। उन्हें यह पेरिनेटल मेडिसिन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दी जाएगी।
2026 में आगरा में होगा सम्मेलन
अमेरिका रवाना होने से पहले उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नरेंद्र मल्होत्रा ने बताया कि आईएपीएम संस्था की ओर से पेरिनेटल मेडिसिन क्षेत्र में अनुसंधान, शिक्षा और सहयोगी संस्थाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर साल इस तरह के आयोजन किए जाते हैं। सम्मेलन का नेतृत्व प्रोफेसर असीम कुरजक, प्रोफेसर फ्रैंक चेर्वेनाक और प्रोफेसर मिलान स्टानोयेविक करेंगे। 2026 में संस्था की ओर से सम्मेलन आगरा में किया जाएगा। 2025 में सम्मेलन इटली में होगा।
डॉक्टर नरेंद्र मल्होत्रा को अब मानध फेलोशिप दी जाएगी। उन्हें दो साल पहले इसी संस्था की ओर से रूस में एसोशिएट फेलोशिप दी जा चुकी है। वे प्रोजेस्टेरोन, पेसरी और सर्जिकल, पोषण, ओमेगा 3, प्रोबायोटिक्स तथा प्रीमैच्योर बर्थ को रोकने के उपायों पर व्याख्यान देंगे।
रेनबो आईवीएफ की मैनेजिंग डायरेक्टर एवं इंफर्टिलिटी विशेषज्ञ डॉक्टर जयदीप मल्होत्रा को एसोशिएट फेलोशिप दी जाएगी। वे एआरटी प्रेग्नेंसी पर अपने विचार साझा करेंगी। डॉ. जयदीप मल्होत्रा राष्ट्रीय संगठन फॉगसी, ईसार, इस्पात, आईएमएस और अंतरराष्ट्रीय संस्था एस्पायर और साएथ एशिया फेडरेशन ऑफ मीनोपॉज की प्रेसिडेंट भी रह चुकी हैं। पिछले वर्ष उन्होंने फिगो संस्था की रिप्रोडक्टिव मेडिसिन एंडोक्रिनोलॉजी इन्फर्टिलिटी कमेटी के चेयरपर्सन पद पर अपनी सेवाएं दी। वे विश्व स्वास्थ्य संगठन डब्ल्यूएचओ से संबद्ध शाखा पीएमएनएच में भी महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत हैं।