आगरालीक्स.. आगरा में जनकपुरी आयोजन को लेकर छिडी रार के बीच आयोजन समिति के अध्यक्ष द्वारा इस्तीफा की पेशकश से खलबली मच गई। समिति के सदस्यों ने उन्हें समझाया, इस पर आयोजन समिति के अध्यक्ष भावुक हो गए।
आगरा में भव्य राम बारात और जनकपुरी आयोजन होता है, जनकपुरी आयोजन के लिए एक क्षेत्र चुना जाता है। वहां विकास कार्य किए जाते हैं और स्थानीय लोग भी चंदा कर आयोजन को भव्य बनाते हैं। उसी क्षेत्र से राजा जनक बनाए जाते है। इस बार जनकपुरी का आयोजन विजय नगर कॉलोनी में होने जा रहा है। विजय नगर कॉलोनी में जनकपुरी आयोजन के लिए एक आयोजन समिति बनाई गई है, इसमें अध्यक्ष समीर चतुर्वेदी सहित अन्य पदाधिकारी बनाए गए। इसमें मेयर नवीन जैन सहित कमला नगर के लोगों के हस्तक्षेप के बाद विवाद शुरू हो गया है, एक आयोजन समिति बनने के बाद दूसरी आयोजन समिति बना ली गई।
भावुक हुए अध्यक्ष, छोड रहा हूं पद
जनकपुरी आयोजन के लिए बुधवार को विजय नगर में बैठक हुई, इस बैठक में अध्यक्ष समीर चतुर्वेदी भावुक हो गए। उनका दर्द जुबां पर आ गया, कहा कि जो विरोध कर रहे हैं वे भी मेरे हैं, मैं उनसे अलग नहीं रह सकता है। यह विरोध मेरे अध्यक्ष बनने से है तो मैं अभी पद छोड देता हूं। यह सुनकर बैठक में सन्नाटा छा गया, इसके बाद वरिष्ठ लोगों ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। बैठक में कई निर्णय लिए गए, इसमें एक निर्णय यह भी लिया गया कि आयोजन समिति के पदाधिकारियों के चयन के लिए एक कमेटी बनाई गई है। बैठक में विजय दत्त पालीवाल, रवि अग्रवाल, महामंत्री संजय अग्रवाल, अनुज सिंघल, ने सभी से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। मीडिया प्रभारी मनीष अग्रवाल, सीए सर्वेश वाजपेयी, प्रवीन अग्रवाल, संजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।