आगरालीक्स..आगरा में बच्ची की मौत के बाद परिजनों द्वारा डॉक्टरों को पीटने पर आईएमए ने हडताल की चेतावनी दी है। डॉक्टर को पीटने वाले जिस क्षेत्र के हैं, डॉक्टरों ने उस इलाके के लोगों का इलाज करने से इन्कार कर दिया है।
आगरा में 25 जनवरी को नौवरी शमसाबाद निवासी रमाकांत की सात साल की बेटी दिव्यांशी की उपाध्याय हॉस्पिटल, शहीद नगर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने रविवार को डॉ दीपक शर्मा द्वारा बेटी को देखने के लिए ना आने के कारण मौत होने के आरोप लगाते हुए हंगामा किया। डॉ दीपक शर्मा और डॉ रजनीश मिश्रा की पिटाई लगा दी। इस मामले में थाना सदर में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आईएमए की हुई बैठक
मंगलवार सुबह आईएमए भवन तोता का ताल पर झंडारोहण के बाद आईएमए की बैठक हुई। इसमें डॉक्टरों के साथ मारपीट की निंदा की गई। डॉक्टरों ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है, मारपीट करने वाले पकडे नहीं जाते हैं तो डॉक्टरों ने हडताल पर जाने की चेतावनी दी है।
नौवरी के मरीजों का नहीं करेंगे इलाज
मंगलवार शाम को उपाध्याय हॉस्पिटल में ताज डाक्टर एसोसिएशन की बैठक हुई। अध्यक्ष डॉ मनोज शर्मा का कहना है कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि नौवरी गांव के लोगों का डॉक्टर इलाज नहीं करेंगे।
