आगरालीक्स…(14 November 2021 Agra News) बीएससी पास युवक कर रहा था अवैध असलाहों की सप्लाई. एसटीएफ ने आगरा के इस इलाके से उसे पकड़ा…पूछताछ में ये बताया
उत्तर प्रदेश की एसटीएफ को व्यापक स्तर पर अवैध शस्त्रों की सप्लाई करने वाले अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है. एसटीएफ द्वारा पकड़े गए हथियारों की सप्लाई करने वाले अपराधी का नाम ओम प्रकाश उर्फ शाका उर्फ लाला पुत्र रामस्वरूप निवासी जलालपुर थाना टप्पल, अलीगढ़ को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी को ग्वालियर मार्ग पर स्थित कुर्रा मोड के पास थाना इरादतनगर से दोपहर को अरेस्ट किया गया.
बता दें कि एसटीएफ की नोएडा यूनिट द्वारा 13 नवंबर को थाना टीला जनपद गाजियाबाद पर अभियुक्त जसवीर उर्फ कालू और योगेशको गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. इसी क्रम में जानकारी मिली कि इनका साथी ओम प्रकाश उर्फ शाका उर्फ लाला अवैध शस्त्र खरीदने के लिए मध्य प्रदेश गया हुआ है जो कि 14 नवंबर को इंदौर मध्य प्रदेश से चलने वाली वोल्वो बस से आगरा पहुंचेगा. इस पर एसटीएफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आगरा से ओम प्रकाश को अरेस्ट कर लिया. पुलिस को उसके पास से नाजायज असलाह भी मिले हैं. पूछताछ में ओम प्रकाश ने बताया कि वह बीएससी पास है और गांव मेंपैसों को लेकर हुए झगड़े को निपटनाने के लिए जसवीर उर्फ कालू के संपर्क में आया था. धीरे—धीरे साथ मिलकर अवैध असलाहों की तस्करी का काम करने लगा.