आगरालीक्स…आगरा से सटे टूंडला में मनाया जा रहा है बाबा नीम करोरी महाराज का जन्मोत्सव. इनके जीवन-वृत्त को दर्शाती कॉफी टेबल बुक तैयार, 27 को अनावरण
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा नीब करोरी जी महाराज का जन्मोत्सव 19 नवंबर से 28 नवंबर तक उनकी जन्मस्थली ग्राम अकबरपुर तहसील टूडला जिला फिरोजाबाद में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पिछले एक वर्ष से श्रृद्धालुओं के विश्राम हेतु पर्यटन मंत्रालय उ0प्र0 द्वारा भव्य सामुदायिक भवन बनकर तैयार हो गया है। जन्मोत्सव में हर दिन दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक भागवत कथा तथा संध्या में पांच बजे से 8 बजे तक भजन एवं संगीत के कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। 22 नवंबर को सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रस्तुत भजन एंव नृत्य, 23 को दीपक त्रिपाठी द्वारा भजन संध्या, 24 को शिखा तिवारी द्वारा भजन संध्या, 25 को मनीष शर्मा द्वारा सुन्दर काण्ड पाठ एवं श्री कृष्णदास (यूएसए) द्वारा संगीत प्रस्तुति, 26 को भजन संध्या में सुधीर व्यास द्वारा भजन कीर्तन होगा तथा 27 नवंबर को लखवीर सिंह लख्खा द्वारा भजन गायन होगा। 28 नवंबर को जिस दिन महाराज जी का प्राकट्यदिवस होगा (मार्गशीष, शुक्ल पक्ष अष्टमी) उस दिन प्रतिवर्ष की भांति भंडारा होगा और श्रृद्धालुगण दिन में 11ः00 बजे से 03ः00 बजे तक प्रसाद प्राप्त करेंगे एवं पूजन करेंगे। भंडारे के दिन देश के प्रत्येक कोने से लगभग 50,000 श्रृद्धालुओं के भाग लेने का अनुमान है, जिसके प्रबन्धन के लिये प्रशासन की तरफ से समुचित व्यवस्था की जा रही है।