पटना (23अक्टूबर)। बिहार विधानसभा चुनावों का प्रचार अब पूरे शबाव पर आ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राज्य में तीन स्थानों पर चुनावी जनसभा को संबोधित किया। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने भी चुनावी रैलियां कीं। मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ दो रैलियों में भाग लिया, जबकि राहुल गांधी ने महागठबंधन के बड़े साझीदार राजद के तेजस्वी यादव के साथ संयुक्त जनसभा की।
मोदी ने विपक्षी दल लिए आड़े हाथ
बिहार के जिला सासाराम में अपनी पहली चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालू प्रसाद यादव परिवार और पूर्व यूपीए सरकार पर जमकर निशाना साधा, और राज्य में फिर एनडीए की सरकार बनाने की अपील की। उन्होंने गलवान घाटी, पुलवामा में आतंकी हमले और अनुच्छेद 370 पर भी विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया।
राहुल ने पूछे दस सवाल
नवादा में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की जनसभा में आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। इस बीच कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री मोदी से दस सवाल पूछे गए। पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि बिहार की पवित्र धरती पर 12 करोड़ बिहारियों को बरगलाने, भटकावों व बंटवारे को परोसने और जुमले गढ़ने के लिए आए पीएम बिहार से किए गए भेदभाव का जवाब कब देंगे।
डबल इंजन की सरकार हैः तेजस्वी
नवादा में आयोजित संयुक्त रैली में राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि 15 साल से नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री हैं, उनकी डबल इंजन सरकार है, लेकिन थाने और ब्लॉक में बिना भ्रष्टाचार के कोई काम नहीं होता, जो रोजगार था उसको प्रधानमंत्री मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने छीन लिया। कोरोना काल में सीएम नीतीश कुमार अपने आवास से बाहर भी नहीं निकले।
सोशल डिस्टेसिंग तार-तार
बिहार के सासाराम में हुई पीएम मोदी की रैली की काफी तैयारियां की गई थीं। योजना से अलग-अलग विधानसभाओं को डिजिटली जोड़ने की बात भी हुई लेकिन आज जब प्रधानमंत्री और राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंच पर पहुंचे तो समर्थकों ने सभी नियमों को धता बताते हुए सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं किया। मोदी-मोदी का नारा लगाते हुए मंच के समीप एकत्रित होने लगे। पीएम मोदी मंच पर मास्क लगाए बैठे रहे लेकिन भाषण शुरू करते समय उन्होंने अपना मास्क उतार दिया।