आगरालीक्स…. आगरा में घुड़चढ़ी के दौरान दूल्हा के मामा से ज्वैलरी और कैश से भरा बैग बाइकर्स गैंग ने लूटा। शोर मचाते रह गए बाराती। पुलिस जांच में जुटी।
आगरा के शास्त्रीपुरम स्थित ग्रीन वैली मैरिज होम में शनिवार को गिर्राज कॉलोनी हाथरस निवासी डॉ. आकाश सिंह की शादी थी। वे हाथरस से आए थे और दुल्हन पक्ष आगरा का रहने वाला है। रात 10 बजे मैरिज होम के पास से घुड़चढ़ी शुरू हुई। बरात में आगे आगे दुल्हा के मामा जितेंद्र पाल चल रहे थे, रात होने के चलते रोड खाली थी। तभी बाइक पर दो बदमाश आए, उन्होंने झपटटा मारा और दुल्हा के मामा के हाथ से बैग छीन कर ले गए। उन्होंने शोर मचाया लेकिन रोड खाली थी, बाइकर्स गैंग बैग लूट कर फरार हो गया। बैग लूट की घटना से अफरा तफरी मच गई।

बदमाशों का नहीं लगा सुराग
लूट की वारदात की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। लूट की घटना जिस जगह हुई वहीं पास में एक दुकान में सीसीटीवी लगे हुए थे। सीसीटीवी की जांच की गई लेकिन कैमरे में ज्यादा दूरी का क्षेत्र कवर नहीं हो रहा था इसके चलते बदमाश दिखाई नहीं दिए।
बैग में पुश्तैनी ज्वैलरी और कैश
इस मामले में थाना सिकंदरा में दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा गया है कि बैग में पुश्तैनी ज्वैलरी थी, इसकी कीमत करीब 12 लाख थी और 45 हजार रुपये कैश था। सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है।