आगरालीक्स ..आगरा में 23 जनवरी को जाम में फंस सकते हैं, कोठी मीना बाजार में भाजपा की सीएए सपोर्ट रैली में सीएम योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडृडा लोगों को संबोधित करेंगे, ब्रज के पांच जिलों की 19 विधानसभा से कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे।
आगरा में आज 23 जनवरी को कोठी मीना बाजार में भाजपा की सीएए सपोर्ट रैली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद जेपी नडृडा पहली बार सीएए को संबोधित करेंगे। सीएए के बारे में लोगों को बताने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे, कई मंत्री भी रैली में आएंगे। इसके लिए दिन भर कोठी मीना बाजार पर तैयारी चलती रही।
दोपहर एक बजे रैली स्थल पर पहुंचेंगे सीएम
सीएए की रैली में भीड जुटाने के लिए ब्रज क्षेत्र के आगरा, मथुरा सहित पांच जिलों की 19 विधानसभा से कार्यकर्ता बुलाए गए हैं। रैली में सुबह 10 बजे से कार्यकर्ता पहुंचने लगेंगे, सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा दोपहर एक बजे रैली स्थल पर पहुंचेंगे।
ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी, विरोध करने वालों पर नजर
सीएए की रैली पर ड्रोन और सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। सीएए का विरोध भी किया जा रहा है, ऐसे में सीएए का विरोध करने वालों पर पुलिस नजर रख रही है, एडीजी अजय आनंद, आईजी ए सतीश गणेश, एसएसपी बबलू कुमार ने तैयारियों को लेकर बैठक की।
छह प्रवेश द्वार बनाए
सभा स्थल पर पहुंचने के लिए छह प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। इन सभी प्रवेश द्वारों को महापुरुषों का नाम दिया गया है। पेट्रोल पंप की ओर वाले द्वार नंबर एक डॉ. बीआर आंबेडकर द्वार, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वार, पंडित दीन दयाल उपाध्याय द्वार, अटल बिहारी वाजपेयी द्वार से राष्ट्रीय अध्यक्ष, सीएम आदि प्रवेश करेंगे। कुशाभाऊ ठाकरे द्वार और पश्चिम की ओर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वार बनाया गया है। इस द्वार से फतेहपुर सीकरी और मथुरा की ओर से आने वाले समर्थक प्रवेश करेंगे।
वाहन पार्किंग की व्यवस्था
वाहनों से अव्यवस्था न हो इसके लिए पार्किंग स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं। दोपहिया वाहन जीआइसी के सामने छात्रावास के पीछे पार्क किया जाएगा। बाह, फतेहाबाद, खेरागढ़, हाथरस, अलीगढ़, फीरोजाबाद की ओर से आने वाली बसें जीआइसी मैदान पचकुईया, आगरा कॉलेज मैदान पर होगी। मथुरा, फतेहपुरसीकरी की ओर से आने वाली बसें साकेत कॉलोनी एवं शिवाजी नगर में पार्क की जाएंगी। मंच के पीछे वीवीआइपी, वीआइपी कारों की पार्किंग होगी। अन्य कारों की पार्किंग तहसील रोड, अशोक नगर, अग्रसेन भवन के पीछे होगी।