आगरालीक्स ..आगरा में भाजपा की सीएए सपोर्ट रैली के लिए रूट डायवर्ट किया है, खबर पढकर ही निकलें, जाम में पफंस सकते हैं, कोठी मीना बाजार पर गुरुवार सुबह 11 बजे भाजपा के ब्रज प्रांत के छह जिलों के 19 विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा दोपहर एक बजे रैली स्थल पर पहुंचेंगे।
वायु विहार तिराहा, पृथ्वीनाथ फाटक, शंकरगढ़ की पुलिया और रामनगर की पुलिया से कोठी मीना बाजार तक जनसभा के दौरान वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
एमजी रोड, सुभाष पार्क से बोदला और लोहामंडी की तरफ जाने वाले वाहन सुभाष पार्क से कोठी मीना बाजार नहीं जा सकेंगे। ये वाहन सेंट जोंस चौराहे से तोता का ताल होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
मदिया कटरा से चार पहिया वाहन और सिरकी मंडी से कोठी मीना बाजार की ओर जाने वाला किसी भी प्रकार का वाहन प्रतिबंधित रहेगा।
पंचकुइया चौराहे से वीआइपी कार को छोड़कर सभी प्रकार के वाहन कोठी मीना बाजार की ओर जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
एमजी रोड पर पीडब्लूडी चौराहे से भगवान टॉकीज चौराहे तक नगर निगम के वाहन, रोडवेज बसें दूध, पेट्रोल टैंकर सुबह दस बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेंगे। इस दौरान वैकल्पिक मार्ग के रूप में वाटर वर्क्स चौराहे से होकर यमुना किनारा मार्ग होते हुए ये वाहन अपने गंतव्य को जाएंगे।
जयपुर, फतेहपुर सीकरी, ग्वालियर रोड की तरफ से वाहन दक्षिणी बाइपास होकर गुजारे जाएंगे।
भारी वाहनों के डायवर्जन दौरान शहर के अंदर आने वाली टूरिस्ट और रोडवेज बसों का आवागमन यमुना किनारा होकर शहर क्षेत्र में होता रहेगा। मथुरा और जयपुर की तरफ से आने वाली टूरिस्ट बसों को रोहता नहर से सदर क्षेत्र होकर शहर में आवागमन होगा।
शहर क्षेत्र के अंदर भारी वाहनों का प्रवेश गुरुवार सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगा।
छह प्रवेश द्वार बनाए
सभा स्थल पर पहुंचने के लिए छह प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। इन सभी प्रवेश द्वारों को महापुरुषों का नाम दिया गया है। पेट्रोल पंप की ओर वाले द्वार नंबर एक डॉ. बीआर आंबेडकर द्वार, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वार, पंडित दीन दयाल उपाध्याय द्वार, अटल बिहारी वाजपेयी द्वार से राष्ट्रीय अध्यक्ष, सीएम आदि प्रवेश करेंगे। कुशाभाऊ ठाकरे द्वार और पश्चिम की ओर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वार बनाया गया है। इस द्वार से फतेहपुर सीकरी और मथुरा की ओर से आने वाले समर्थक प्रवेश करेंगे।
वाहन पार्किंग की व्यवस्था
वाहनों से अव्यवस्था न हो इसके लिए पार्किंग स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं। दोपहिया वाहन जीआइसी के सामने छात्रावास के पीछे पार्क किया जाएगा। बाह, फतेहाबाद, खेरागढ़, हाथरस, अलीगढ़, फीरोजाबाद की ओर से आने वाली बसें जीआइसी मैदान पचकुईया, आगरा कॉलेज मैदान पर होगी। मथुरा, फतेहपुरसीकरी की ओर से आने वाली बसें साकेत कॉलोनी एवं शिवाजी नगर में पार्क की जाएंगी। मंच के पीछे वीवीआइपी, वीआइपी कारों की पार्किंग होगी। अन्य कारों की पार्किंग तहसील रोड, अशोक नगर, अग्रसेन भवन के पीछे होगी।