आगरालीक्स… आगरा के हॉस्पिटल में पाइप लाइन में ब्लास्ट से भगदड मच गई, मरीज और तीमारदार हॉस्पिटल से बाहर निकल आए। स्थानीय लोग आ गए, हॉस्पिटल की सेंट्रल पाइप लाइन के वॉल्व में ब्लास्ट हुआ है, हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी ओवर ब्रिज के पास समय हॉस्पिटल है, यहां शुक्रवार दोपहर में आॅपरेशन चल रहा था। उसी समय तेज धमाके की आवाज हुई, इससे भगदड मच गई। मरीज और तीमारदारों को लगा कि हॉस्पिटल में ब्लास्ट हो गया है, वे बचने के लिए हॉस्पिटल से बाहर भागे, हॉस्पिटल का स्टाफ और कर्मचारी भी बाहर निकल आए। आस पास के घरों से भी लोग बाहर निकल आए। कर्मचारियों ने देखा तो हॉस्पिटल की सेंट्रल आॅक्सीजन पाइप लाइन में वॉल्व के पास ब्लास्ट हुआ था, आॅक्सीजन की सप्लाई बंद कर दी गई। इससे एक घंटे तक अफरा तफरी का माहौल रहा।
दहशत में रहे मरीज और तीमारदार
ब्लास्ट की आवाज से मरीज और तीमारदार दहशत में रहे, मरीजों को लगा कि हॉस्पिटल का कुछ हिस्सा गिर गया है, इससे करीब एक घंटे तक दहशत का माहौल रहा। हॉस्पिटल संचालक डॉ प्रदीप सिंह का कहना है कि वॉल्व में लीकेज से तेज आवाज हुई थी, इससे तीमारदार बाहर निकल आए, उसे सही कर दिया गया, किसी को कोई चोट नहीं आई है।