आगरालीक्स… आगरा का बीटेक छात्र गायब है, वह घर से आइईटी लखनऊ के लिए निकला था, उसका अभी तक पता नहीं चला है। इसे पुलिस ने भी गंभीरता से नहीं लिया, न्यू आगरा और हरीपर्वत थाने के चक्कर लगाने के बाद परिजन अधिकारियों से मिले, इसके बाद ही मुकदमा दर्ज हो सका है।
बल्केश्वर के गंगे गौरी बाग निवासी 23 वर्षीय अंकित शर्मा ने इस साल आइईटी लखनऊ से बीटेक किया है। मां वीना शर्मा ने बताया कि 10 जून की रात को अंकित कॉलेज से कुछ कागजात लेने के लिए लखनऊ गया था। बड़ा भाई राहुल उसे बस में बैठाकर आया था। पुत्र को 14 जून को लौटना था।
सुबह आया फोन, अब बंद
14 तारीख की सुबह मां को आखिरी बार फोन किया। अगले दिन सुबह तक नहीं लौटा तो फोन किया तो वह बंद था। परिजन उसकी तलाश में जुट गए, लखनऊ जाकर जानकारी की तो पता चला कि वहां नहीं पहुंचा था।
परिजनों के मुताबिक अनहोनी की आशंका से न्यू आगरा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। वहां से घटनास्थल हरीपर्वत क्षेत्र का बताते हुए जाने की कहा। दोनों थानों के बीच तीन दिन से चक्कर काटते परिजन सोमवार को सीओ हरीपर्वत श्लोक कुमार से शिकायत की।