आगरालीक्स…(19 September 2021 Agra News) आगरा में अब 16 दिन तक मार्केट में नहीं दिखेगी ग्राहकों की रौनक. इसके बाद शुरू होगा सबसे बड़ा फेस्टिवल सीजन…इस बार बम्पर बिक्री की उम्मीद
कल से शुरू हो रहे श्राद्ध पक्ष
सोमवार से श्राद्ध पक्ष शुरू हो रहे हैं. ये अगले 16 दिन तक चलेंगे. मान्यता है कि श्राद्ध पक्ष में नये कपड़ों व नये सामान की खरीदारी नहीं की जाती है. आगरा में भी लोग श्राद्ध पक्ष के समय नये कपड़ों व नये सामानों की खरीदारी करने से बचते हैं और मार्केट का रुख नहीं करते हैं. ऐसे में कल से अगले 16 दिन तक बाजारों में रौनक दिखाई नहीं देगी. दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते हुए देखे जा सकते हैं.
16 दिन बाद सबसे बड़ा फेस्टिवल सीजन
लेकिन इन 16 दिनों के बाद दुकानदारों के लिए त्योहार का सबसे बड़ा सीजन शुरू हो जाएगा जो कि एक महीने तक चलेगा. इसकी शुरुआत शारदीय नवरात्र से होगी, जिसके बाद दशहरा, करवा चौथ जैसे फेस्टिवल आएंगे. मालूम हो कि करवाचौथ पर कपड़ों, गिफ्ट्स और ज्वेलरी की जबर्दस्त बिक्री होती है. करवाचौथ के कुछ दिनों बाद ही पंचोत्सव यानी दिवाली फेस्टिवल शुरू हो जाएगा. ऐसे में दुकानदारों को उम्मीद है कि 16 दिन बाद आने वाला पूरा महीना उनके लिए बम्पर साबित होगा. उन्हें उम्मीद है कि जिस तरह से रक्षाबंधन पर जमकर खरीदारी की गई थी ठीक उसी प्रकार करवाचौथ, धनतेरस और दिवाली को लेकर खरीदारी होगी.
स्टॉक करने में जुटे दुकानदार
कल से 16 दिन भले ही बाजारों में ग्राहकों की रौनक न दिखाई दे लेकिन ये 16 दिन भी दुकानदारों के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं. इन्हीं दिनों में दुकानदार अपनी दुकान को रंगरोवन कराते हैं तथा आने वाले बम्पर फेस्टिवल सीजन के लिए नया स्टॉक लेने के लिए बाहर जाते हैं. अधिकतर दुकानदार दिल्ली, लुधियाना, मुंबई, बेंगलोर, सूरत, वाराणसी से खरीदारी करते हैं. ऐसे में ये 16 दिन भी दुकानदारों के लिए काफी अहम हैं.