आगरालीक्स ….(Agra News 4th December)आगरा में कारोबारी के सामूहिक सुसाइडट के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पत्नी और बेटी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं, विसरा प्रिजर्व, तीनों के मौत के समय में 10 से 12 घंटे का अंतर।
आगरा के मारुति एस्टेट में 35 साल के इन्वर्टर और बैटरी का काम करने वाले कारोबारी योगेश मिश्रा अपनी पत्नी प्रतीची मिश्रा, 11 साल की बेटी आध्या, पांच साल की बेटी काव्या और मां सरोज मिश्रा के साथ रह रहे थे। उनका आफिस बंशी विहार कॉलोनी शास्त्रीपुरम में था। शुक्रवार सुबह आफिस में योगेश मिश्रा फांसी के फंदे पर लटके मिले थे और पत्नी प्रतीची मिश्रा पास में ही फर्श पर पड़ी हुई थी। जबकि बेटी काव्या मारुति एस्टेट स्थित आवास में म्रत मिली थी।आफिस से एक सुसाइड नोट भी मिला था, इसके चलते पुलिस इसे सुसाइड मानकर चल रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सबसे पहले प्रतीची की हुई मौत, फिर काव्या
तीनों के शव का रात को पोस्टमार्टम हुआ। एएसपी सत्यनरायण का मीडिया से कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रतीची की मौत का समय 24 घंटे पहले आया है, इस तरह प्रतीची की मौत गुरुवार रात आठ से 10 बजे के बाद हो गई थी। जबकि पांच साल की बेटी काव्या की मौत सात से आठ घंटे पहले हुई थी। इससे आशंका है कि काव्या की मौत शुक्रवार सुबह हुई है। जबकि योगेश मिश्रा की मौत कुछ घंटे पहले हुई थी, इससे यह कायस लगाए जा रहे हैं कि सबसे बाद में योगेश मिश्रा की मौत शुक्रवार सुबह हुई।

योगेश मिश्रा की मौत फांसी लगाने से और प्रतीची, काव्या की मौत का कारण स्पष्ट नहीं
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में योगेश मिश्रा की मौत का कारण फांसी लगाना आया है। जबकि योगेश मिश्रा की पत्नी प्रतीची और बेटी काव्या की मौत का कारण पोस्टमार्टम में स्पष्ट नहीं हुआ है। इन दोनों का विसरा प्रिजर्व कर जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। आशंका है कि प्रतीची और काव्या की मौत जहर से हुई है, लेकिन यह फोरेंसिक जांच में ही स्पष्ट हो सकेगा।

ये है पूरा घटनाक्रम
गुरुवार दोपहर तीन बजे योगेश मिश्रा अपनी पत्नी प्रतीची मिश्रा, बेटी आध्या और काव्या को कार से बंशी विहार स्थित आफिस लेकर पहुंचे। यहां उन्होंने खाना खाया, रात आठ बजे वे मारुति एस्टेट स्थित अपने घर जाने के लिए निकले। लेकिन प्रतीची को चक्कर आ रहे थे उन्होंने प्रतीची को आफिस में ही लिटा दिया। काव्या को सांस लेने में परेशानी हो रही थी वह काव्या और आध्या को लेकर अपने घर आ गए। आध्या अपनी दादी सरोज मिश्रा के साथ कमरे में सोने चली गई। योगेश मिश्रा ने काव्या को अपने कमरे में लिटा दिया। रात 10 बजे अपने घर से आफिस गए। वहां से रात 10.30 बजे के बाद लौट आए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो चुका है कि जब योगेश मिश्रा दोबारा अपने आफिस गए उस समय तक प्रतीची मिश्रा की मौत हो गई थी। वहां से लौटकर वे अपने घर आ गए। काव्या के साथ कमरे में लेट गए, गुरुवार सुबह 6.30 बजे अपनी कार से आफिस के लिए निकले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में काव्या की मौत का समय शुक्रवार सुबह आया है, यानी काव्या की मौत होने के बाद योगेश मिश्रा अपने घर से कार से आफिस के लिए निकले और आफिस में पहुंचने के बाद फांसी लगा ली।