आगरालीक्स.. आगरा के थाने में आप जाएंगे तो थाना प्रभारी से लेकर पुलिस कर्मी मधुर व्यवहार करेंगे। पुलिस कर्मी शिकायत को अनसुना करते हैं और अच्छा व्यवहार नहीं करते हैं तो यह सीसीटीवी के माध्यम से पुलिस के आला अधिकारी देख सकेंगे, वे अधीनस्थों को निर्देश देंगे। इस तरह की लगातार शिकायत मिलने पर कार्रवाई भी की जाएगी।
आगरा में शनिवार को पुलिस थाने में सीसीटीवी लगाकर उन्हें एसएसपी कार्यालय से कनेक्ट करने का काम शुरू कर दिया गया। हर थाने में दो सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। एसएसपी बबलू कुमार ने मीडिया को बताया कि अक्सर लोग शिकायत लेकर आते हैं कि थाने में उनकी समस्या नहीं सुनी गई, उनसे अच्छा व्यवहार नहीं किया गया। मगर, अब थाने में शिकायकर्ता से सही तरह से व्यवहार ना करने वालों को सीसीटीवी में देखा जा सकेगा। इसके लिए जिले के 25 थानों में सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। इनकी मॉनीटरिंग एसएसपी कार्यालय से की जाएगी।
शहर के 15 और देहात के 10 थाने
पहले चरण में शहर के 15 थानों में सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। देहात के 10 थाने में सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। इसके बाद अन्य थानों को भी सीसीटीवी से जोडा जाएगा।