आगरालीक्स…आगरा की सड़कों पर ही नहीं चंद्रमा पर भी गड्ढा, प्रज्ञान रोवर को बदलना पड़ा अपना रास्ता. पढ़ें चंद्रयान 3 का लेटेस्ट अपडेट
आगरा की सड़कों पर कितने गड्ढे है ये हमसे छुपे नहीं हैं. शहर के मुख्य मार्ग हों या फिर कॉलोनी, हाइवे…हर जगह आपको गड्ढा जरूर मिल जाएगा. कहीं—कहीं तो गड्ढों के कारण सड़कों का बहुत बुरा हाल है, लेकिन इसरो ने चंद्रयान 3 का जो लेटेस्ट अपडेट दिया है उसमें चंद्रमा पर भी गहरा गड्ढा प्रज्ञान रोवर के सामने आ गया. इसको देखते ही प्रज्ञान ने अपना रास्ता बदल दिया.
जानें अपडेट
इसरो ने सोमवार को कहा कि 27 अगस्त को चंद्रयान 3 के रोवन प्रज्ञान के सामने 4 मीटर डायमीटर का क्रेटर यानी गड्ढा आ गया. ये गड्ढा रोवर की लोकेशन से तीन मीटर आगे था. ऐसे में प्रज्ञान रोवर को रास्ता बदलने का कमांड दिया गया. इसके बाद प्रज्ञान रोवर सुरक्षित रूप से एक नए रास्ते पर बढ़ रहा है. इससे पहले भी प्रज्ञान करीब 100 मिमी गहरे एक छोटे क्रेटर से गुजरा था. चंद्रमा पर रोवर के आपरेशन सेमी आटोनॉमस हैं. इसे चलाने के लिए ग्राउंड स्टेशनों से कमांड दिए जाते हैं. जैसे इंसान की आंखें केवल एक निश्चित दूरी तक ही देख सकती हैं, वैसे ही प्रज्ञान रोवर की सीमाएं हैं. रोवर का नेविगेशन कैमरा केवल 5 मीटर तक की ही इमेज भेज सकता है. ऐसे में एक बार कमांड देने पर यह अधिकतम 5 मीटर की दूरी तय कर सकता है.