आगरालीक्स.. ताजमहल का नाम टूरिस्ट बुकलेट से हटाने के विवाद के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने बडा बयान दिया है। वे ताजमहल का दीदार करने आ रहे हैं, यहां वे योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए सीएम योगी आदित्यनाथ 26 अक्टूबर को आगरा आ रहे हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ 26 अक्टूबर को आगरा आएंगे, वे यहां ताजमहल के आस पास प्रो पुअर टूरिज्म प्रोजेक्ट की 156 करोड की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। वे यहां ताज पश्चिमी गेट पर मल्टीलेवल पार्किंग, मेहताब बाग और कछपुरा का समग्र विकास व टूरिस्ट वॉकवे का शिलान्यास करेंगे।
सीएम योगी बोले ताजमहल हमारे मजदूरों की खून पसीने की देन
मंगलवार को गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ताजमहल हमारे मजदूरों की खून पसीने की देन है। वे ताजमहल पर संगीत सोम के बयान पर कहा कि ताजमहल को पूरी दुनिया से लोग इसे देखने आते हैं। यह भारतीय मजदूरों के खून-पसीना की देन है। ताजमहल को किसने बनवाया, इसका कोई महत्व नहीं है। भारत की इस विशिष्ट विरासत के संरक्षण की जिम्मेदारी हमारी है।
370 करोड की योजनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ताजमहल के संरक्षण के लिए सरकार 370 करोड़ की कार्ययोजना बनाई है। विश्वबैंक को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को वह आगरा जा रहे हैं। वहां कई बड़ी परियोजनाओं पर काम हो रहा है।
टूरिस्ट बुकलेट से नाम गायब होने पर बोले सीएम
टूरिस्ट बुकलेट से ताजमहल गायब होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बौद्ध सर्किट व आध्यात्मिक सर्किट पर काम होने के साथ ताजमहल के लिए अलग प्रोजेक्ट बनाया गया है। ताजमहल के लिए अलग से प्रोजेक्ट बनाए जाने की वजह से बुकलेट में दूसरे पर्यटन स्थलों को जगह मिली। ताजमहल के संरक्षण का काम तो सरकार कर ही रही है।
आजम और ओबैसी के बयान का कोई मतलब नहीं
ताजमहल तोड़ने के लिए आज़म खान के कटाक्ष पर कहा कि आजम खान जैसे लोगों के बयान का कोई मतलब नहीं। ओबैसी हो या आज़म खान इन लोगों के पास कोई मुद्दा नहीं है, केवल ऐसे ही बयान देते रहते हैं। उनकी बातों का ध्यान नहीं दिया जा सकता।