आगरालीक्स… आगरा में सीएम योगी आदित्यनाथ के दौरे के बाद बडी कार्रवाई की गई है। तूफान पीडितों के इलाज में लापरवाही पर न्यूरोसर्जन की सर्विस टर्मिनेट कर दी हैं और वार्ड ब्वॉय को सस्पेंड कर दिया है। अभी कई और पर गाज गिर सकती है।
आगरा में दो मई को आए तूफान के बाद घायलों को एसएन में भर्ती किया गया, इसके बाद से मरीजों को वीवीआईपी सुविधाएं दी जा रही हैं। इन मरीजों का इलाज संविदा पर तैनात न्यूरोसर्जन डॉ म्रदुल शर्मा कर रहे हैं, लेकिन वे डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के एसएन के दौरे के समय गायब हो गए। वे पूरे दिन एसएन नहीं आए, ऐसे में एसएन के अधिकारियों ने दूसरे न्यूरोसर्जन डॉ आलोक गुप्ता से मरीजों का इलाज चलाया। न्यूरोसर्जन को चेतावनी देने के बाद भी हालत नहीं सुधरे हैं, वे एसएन नहीं आ रहे हैं। प्राचार्य डॉ सरोज सिंह ने न्यूरोसर्जन डॉ म्रदुल शर्मा की एक महीने का नोटिस देते हुए सर्विस टर्मिनेट कर दी हैं।
वार्ड ब्वॉय सस्पेंड, सीएमएस और स्टाफ को चेतावनी
सीएम योगी आदित्यनाथ पांच मई को एसएन आए थे, घायलों के बेड पर बिछी चादर गंदी थी और खून के दाग थे। इस मामले में प्राचार्य डॉ सरोज सिंह ने वार्ड ब्यॉज आरिफ को सस्पेंड कर दिया है। मैटर्न एस्टर, सिस्टर इंचार्ज लालमनि और स्टाफ नर्स खुशबू को चेतावनी दी है। वहीं, सीएम और डिप्टी सीएम के विजिट के दौरान सीएमएस डॉ एससी जैन नहीं पहुंचे थे, उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।
कई और पर गिर सकती है गाज
एसएन में भर्ती घायलों के इलाज में लापरवाही और अव्यवस्थाएं होने पर कई और पर गाज गिर सकती है। इसके लिए एसएन प्रशासन ने डॉक्टर और स्टाफ को अलर्ट कर दिया है। घायलों से कोई भी सामान बाजार से न मंगाने के निर्देश दिए हैं। डॉक्टरों की टीम नजर रख रही है।