आगरालीक्स… आगरा रीजन के कासगंज में सीएम योगी आदित्यनाथ के हेलीकॉप्टर के लिए बनाए गए हेलीपैड में गडबडी के बाद पायलट ने खेत में लैंडिंग की, इस मामले में तीन इंजीनियर सस्पेंड कर दिए हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने टवीट कर अधिशासी अभियंता अवर अभियंता सहायक अभियंता को लापरवाही का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया करने की जानकारी दी।
मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ सुबह कासगंज पहुंचे, यहां तूफान में छह लोगों की मौत हो गई थी, तीन लोगों की हत्या कर डकैती की थी। सीएम के हेलीकॉप्टर के लिए सहावर के फरौली कस्तूरबा विद्यालय में हेलीपैड बनाया गया, सुबह 10.49 बजे जब सीएम का हेलीकॉप्टर वहां पहुंचा तो पायलेट ने हैलीपेड पर लैंड नहीं किया। हेलीकॉप्टर ने तीन चक्कर भी लगाए। इसके बाद पायलट ने हेलीकॉप्टर 200 मीटर दूर खेत में उतार दिया। यह देख सुरक्षा एजेंसियों में भगदड़ मच गई। एडीजी आगरा अजय आनंद और डीएम आरपी सिंह समेत अफसरों ने हेलीकॉप्टर उतरने वाले खेत की ओर दौड़ लगा दी। सुरक्षाकर्मियों ने सीएम को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
पैदल चलकर पीडितों के परिजनों तक पहुंचे सीएम
खेत में हेलीकॉप्टर उतरने के बाद करीब 200 मीटर पैदल चलकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अंधड़ में मारे गए मृतकों के परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने यहां घटनास्थल भी देखा। पीड़ित परिवारों से बात की। मृतकों के परिजनों के हाल-चाल लेने के साथ उनका नाम और पीड़ा पूछते हुए ढांढस बंधाया। यहां करीब 20 मिनट तक सीएम रुके। इस दौरान सांसद राजवीर सिंह से पीड़ित परिवार को 4-4 लाख की सहायता राशि के चेक 3 मृतकों के परिवार को दिलाया। उन्होंने पीड़ित परिवार से घायलों के उपचार के बारे में पूछताछ की। पीड़ितों के अच्छे उपचार के लिए डीएम को निर्देश दिए। यहां से करीब 100 मीटर पैदल चलकर गली से निकलने के बाद, सहावर के डकैती पीड़ित दो परिवारों से भी सीएम ने मुलाकात की। उन्हें मुआवजा राशि के चेक दिए। वहां रोती महिलाओं को ढांढस बंधाकर आश्वासन दिया। इसके बाद हेलीकॉप्टर से कासगंज कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री अफसरों के साथ मीटिंग ले रहे हैं।
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कासगंज दौरे के समय हेलीपैड के स्थल मामले में कासगंज के अधिशासी अभियंता अवर अभियंता सहायक अभियंता को लापरवाही का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) May 15, 2018