आगरालीक्स… आगरा की पॉश कॉलोनी में कारोबारी के घर पर बदमाशों का धाबा, बेटी को बंधकर बनाकर की लूटपाट, विरोध करने पर मारपीट कर बदमाश फरार हो गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
खंदौली निवासी कोल्ड स्टोरेज संचालक धर्मेंद्र शर्मा कमला नगर के डी ब्लॉक में कोठी नंबर 22 में रह रहे हैं, शुक्रवार सुबह धर्मेंद्र शर्मा कोल्ड स्टोरेज चले गए। छोटा बेटा आयुष स्कूल गया था। दोपहर एक बजे धर्मेंद्र की पत्नी नीलम शर्मा और बड़ा बेटा गौरव बाजार चले गए। घर पर उनकी बेटी 12 वीं की छात्रा सोनाली अकेली थी। सोनाली घर के पोर्च में कुत्ते को खाना दे रही थी। उसी समय गेट के बगल की दीवार फांदकर दो बदमाश आ गए। दोनों ने चेहरे ढके हुए थे। बदमाशों ने आते ही सोनाली को पकड़ लिया। उसे अंदर खींचकर ले गए।
ड्राइंग रूम का दरवाजा बंद कर लिया। सोनाली से शोर मचाया तो उसकी पिटाई लगाई। एक बदमाश ने हाथ में कैंची भी ले रखी थी। सोनाली घायल भी हो गई। बदमाशों ने कमरों में रखी तीन अलमारी की चाबी ले ली। इसके बाद 50 हजार रुपये और जेवरात निकाल लिए।
कारोबारी की पत्नी ने किया फोन

कारोबारी की पत्नी नीलम शर्मा ने सोनाली के मोबाइल पर कॉल किया। कई बार घंटी जाने के बाद कॉल रिसीव हुआ। इसमें सोनाली के चीखने की आवाज आ रही थी। सोनाली बात नहीं कर रही थी। यह सुनकर वह घबरा गईं। उन्होंने अपनी कोठी के सामने मार्केट के दुकानदारों को कॉल करके मदद मांगी। इस पर दुकानदार और कालोनी के लोग जुट गए। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। बदमाशों को पकड़ने के लिए कोठी घेर ली।
छत से कूदकर भाग गए बदमाश
बदमाश घर की छत से पीछे की कोठी में कूदकर भाग गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर जांच की।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
पुलिस को आशंका है कि बदमाश कोठी की दीवार के सहारे खड़े रहे होंगे। बदमाश नकाब पहन घुस आए। उन्होंने ग्लब्स भी पहन रखे थे। कोठी के सामने मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश कैद हो गए हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में ले लिए हैं। इनकी पहचान सोनाली ने भी कर ली।