आगरालीक्स…. आगरा के व्यापारी की जेवर टोल प्लाजा से 192 किलो चांदी हरियाणा पुलिस ले गई, आरोप पांच लाख रुपये न देने पर, 14 किलो चांदी गायब। ( Agra News )
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आगरा के कमला नगर के रहने वाले राजेश जैन की दिल्ली में मयूर कार्गो कूरियर है। दिल्ली से आगरा चांदी लेकर आते हैं। राजेश जैन का कहना है कि नौ मई की सुबह उनकी कार का चालक और कर्मचारी दिल्ली के चांदी चौक स्थित मयूर कार्गो से यमुना एक्सप्रेस वे होते हुए 192 किलो चांदी लेकर आ रहे थे। सुबह सात बजे जेवर टोल प्लाजा के पास दो कारों से आए पांच छह लोगों ने उन्हें रोक लिया, खुद को क्राइम ब्रांच का बताया और गाड़ी को जबरन पलवल ले गए। विरोध करने पर चालक को पीटा।
178 किलो चांदी आयकर विभाग को सौंपी
आरोप है कि कर्मचारी और ड्राइवर के मोबाइल बंद करने के बाद जीट रोड पुलिस चौकी ले गए। कार से पूरी चांदी उतरवा ली, सुबह आठ बजे कर्मचारी ने फोन कर पूरी जानकारी दी। राजेश जैन के बेटे विशाल पलवल पहुंच गए। आरोप है कि पांच लाख रुपये मांगे, पैसे न देने पर पीटा और 14 किलो चांदी गायब कर दी। आयकर की टीम को बुलाकर 178 किलो चांदी सौंप दी।
मुकदमा दर्ज नहीं कर रही पुलिस
व्यापारी राजेश जैन का आरोप है कि उन्होंने पलवल, नोएडा में तहरीर दी लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। जबकि टोल प्लाजा पर लगे कैमरे में सब कैद है, उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की है। इस मामले में पलवल के थाना प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि व्यापारी के साथ हुई घटना की जानकारी नहीं है। किसी तरह की शिकायत भी नहीं मिली है, आयकर विभाग की टीम को भी पिछले दिनों नहीं बुलाया था।
सांकेतिक फोटो